आगरा: ताजनगरी के सिकंदरा क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर की शिकायत पर थाना सिकंदरा पुलिस ने आरोपी युवक, उसके भाई और माता-पिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बाथरूम में छिपा मिला था आरोपी
घटना 9 मार्च की है, जब गांव अटूस निवासी मयंक पुत्र केशव अचानक छात्रा के घर की छत पर चढ़ गया। आहट होने पर परिजनों ने तलाशी ली तो वह छत पर बने बाथरूम में छिपा मिला। सूचना पर पहुँची पुलिस ने उस वक्त आरोपी का शांति भंग (धारा 151) के तहत चालान किया था, लेकिन जमानत पर बाहर आते ही आरोपी ने प्रतिशोध की भावना से छात्रा की निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।
एक साल से कर रहा था पीछा
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी पिछले एक साल से छात्रा को इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर और रास्ते में पीछा कर परेशान कर रहा था। वह छात्रा को उठाकर ले जाने की धमकी भी देता था। छात्रा फिलहाल कक्षा 11 की बोर्ड परीक्षा दे रही है और इस घटना के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में है।
पूरे परिवार पर शिकंजा
मुकदमे में केवल मयंक ही नहीं, बल्कि उसके भाई भानु और माता-पिता (सीता देवी व केशव सिंह) को भी नामजद किया गया है। आरोप है कि भाई इस कृत्य में सहयोग कर रहा था और माता-पिता अपने बेटे की हरकतों को संरक्षण दे रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई
सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने आईपीसी और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से फोटो वायरल करने के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026
- सपा की तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति अब जनता के बीच नहीं चलने वाली: भाजपा नेता रोहित कत्याल - September 15, 2026