भारत के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को ICC ने साल 2023 के लिए टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर चुना है। सूर्यकुमार को लगातार दूसरी बार यह पुरस्कार मिला है। सूर्यकुमार को इससे पहले टी20 टीम ऑफ द ईयर में भी रखा गया था और उन्हें कप्तान बनाया गया था। सूर्या लगातार दो बार टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर बनने वाले पहले खिलाड़ी हैं। इससे पहले साल 2022 के लिए भी उन्हें यह अवॉर्ड मिला था।
सूर्यकुमार ने 2023 में करीब 50 के औसत और 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ अंतरराष्ट्रीय टी20 अपना दबदबा बनाए रखा। पिछले साल उन्होंने भारत को कई मैचों में जीत दिलाई थी। सूर्यकुमार ने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा, उगांडा के अल्पेश रमजानी और न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन को हराकर अवॉर्ड जीता है। सूर्या ने पिछले साल 17 पारियों में 733 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 48.86 और स्ट्राइक रेट 155.95 का रहा था।
महिलाओं में हीली मैथ्यूज ने मारी बाजी
महिलाओं में यह पुरस्कार वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज ने जीता है। मैथ्यूज टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड जीतने वाली वेस्टइंडीज की दूसरी खिलाड़ी बनीं। उनसे पहले 2015 में स्टेफनी टेलर को यह पुरस्कार मिला था। इन दोनों के अलावा हर बार इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ियों ने इस पुरस्कार पर कब्जा जमाया है।
बास डी लीडे ने रचा इतिहास
नीदरलैंड के तेज गेंदबाज बास डी लीडे आईसीसी एसोसिएट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए चुने गए हैं। वह इस पुरस्कार को जीतने वाले अपने देश के दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले रायन टेन डुस्काटे ने तीन बार इसे अपने नाम किया था। उन्होंने 2008, 2010 और 2011 में यह अवॉर्ड जीता था।
क्वीनेटर एबेल ने बनाया रिकॉर्ड
केन्या की क्वीनेटर एबेल को महिला वर्ग में आईसीसी एसोसिएट प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया है। वह आईसीसी पुरस्कार जीतने वाली केन्या की पहली महिला बनीं। केन्या के पुरुष खिलाड़ी थॉमस ओडोयो ने वर्ष 2007 का आईसीसी एसोसिएट प्लेयर का पुरस्कार जीता था। क्वीनेटर एबेल अंतरराष्ट्रीय टी20 में 1000 से ज्यादा रन बनाने के साथ-साथ 50 से ज्यादा विकेट लेने वाली इकलौती एसोसिएट खिलाड़ी (पुरुष/महिला) हैं।
-एजेंसी
- ’माफिया और मच्छर की तरह इंसेफेलाइटिस भी हुआ समाप्त’: सीएम योगी बोले— नए गोरखपुर और नए उत्तर प्रदेश का हो रहा दर्शन - September 17, 2026
- पेट्रोल पंपों पर बढ़ सकता है कैश का चलन: 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 5 रुपये एमडीआर के विरोध में डीलरों ने दी चेतावनी - September 16, 2026
- Agra News: सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर महापौर से मिला सेनेटरी सुपरवाइजर संघ, वेतन विसंगतियों और ईएसआई कार्ड न मिलने पर जताया रोष - September 16, 2026