आगरा: आगरा कॉलेज की ऐतिहासिक भूमि और खेल के मैदान को लेकर मेट्रो परियोजना के साथ चल रहे भूमि विवाद में कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि परियोजना के लिए पूर्व में निर्धारित व चिन्हित भूमि के अलावा एक इंच अतिरिक्त जमीन भी मेट्रो को नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही मेट्रो निर्माण कार्यों से कॉलेज की भूमि, खेल मैदान व अन्य संपत्तियों को पहुंचे नुकसान का विधिवत आकलन कराकर नियमानुसार मुआवजा भी वसूला जाएगा।
शुक्रवार को छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और कर्मचारियों के उग्र विरोध-प्रदर्शन के उपरांत सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला की मौजूदगी में मेट्रो परियोजना के निदेशक अरविंद कुमार राय और कॉलेज प्रशासन के बीच हुई वार्ता में कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी। आगामी सोमवार को दोनों पक्षों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश करेगी। मेट्रो प्रशासन ने कॉलेज की 10 सूत्रीय मांगों पर लिखित जवाब और कार्यों को पूरा करने की समयबद्ध कार्ययोजना देने का आश्वासन दिया है।
इससे पूर्व, मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्यों से कॉलेज की संपत्ति व भूमि को हो रहे नुकसान तथा पूर्व में उठाई गई मांगों के निस्तारण में विलंब को लेकर कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने गोलबंद होकर पुरजोर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज की भूमि व ऐतिहासिक खेल मैदान के संरक्षण के साथ-साथ मेट्रो निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई संपत्तियों की भरपाई करने तथा पूर्व में प्रस्तुत 10 सूत्रीय मांगों को अविलंब पूरा करने की पुरजोर मांग उठाई।
विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद मेट्रो परियोजना के निदेशक अरविंद कुमार राय आगरा कॉलेज पहुंचे। प्राचार्य कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला की उपस्थिति में दोनों पक्षों के मध्य विस्तृत बातचीत हुई। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट लहजे में कहा कि मेट्रो परियोजना के लिए जितनी भूमि पूर्व में निर्धारित और चिन्हित कर उपलब्ध कराई गई है, परियोजना का उपयोग केवल उसी सीमा तक सीमित रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त कॉलेज की एक इंच जमीन भी मेट्रो को नहीं दी जाएगी।
सोमवार को होगी संयुक्त पैमाइश
भूमि की वास्तविक सीमा को लेकर किसी भी प्रकार के असमंजस या भविष्य में अतिक्रमण की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से सोमवार को मेट्रो परियोजना के निदेशक और आगरा कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम स्थल पर पैमाइश करेगी। इसमें पूर्व में दी गई जमीन की सीमा का विधिवत सत्यापन किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने साफ किया कि संयुक्त पैमाइश के उपरांत तय सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का निर्माण या भूमि का उपयोग कतई स्वीकार नहीं होगा।
क्षतिग्रस्त संपत्ति का मांगा जाएगा मुआवजा
वार्ता में मेट्रो निर्माण कार्यों से कॉलेज की भूमि, ऐतिहासिक खेल मैदान और अन्य संरचनाओं को पहुंचे नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि नुकसान का नियमानुसार आकलन कराया जाएगा और उसके आधार पर मेट्रो प्रशासन से मुआवजे का दावा किया जाएगा। कॉलेज की संपत्ति को हुई क्षति की भरपाई करना मेट्रो प्रशासन का दायित्व है।
10 सूत्रीय मांगों पर लिखित जवाब का आश्वासन
कॉलेज प्रशासन ने पूर्व में सौंपी गई 10 सूत्रीय मांगों को भी वार्ता के दौरान रेखांकित किया। कहा गया कि जिन शर्तों और बिंदुओं पर पूर्व में सहमति बनी थी, उनका अक्षरसः पालन होना चाहिए। इस पर परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय ने सोमवार तक सभी 10 बिंदुओं पर लिखित जवाब देने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रत्येक लंबित कार्य को पूरा करने की स्पष्ट समय-सीमा के साथ कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा पूर्व सहमति के आधार पर निर्धारित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही।
शिक्षक से दुर्व्यवहार का मुद्दा भी गर्माया
बातचीत के दौरान कॉलेज के एक शिक्षक के साथ मेट्रो कर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार का प्रकरण भी गंभीरता से उठाया गया। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस संबंध में थाना लोहामंडी, आगरा में लिखित तहरीर दी जा चुकी है और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला ने मामले की जांच कराकर विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, परियोजना निदेशक ने अवगत कराया कि घटना में अभद्रता करने वाले संबंधित कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया गया है।
प्राचार्य के अनुरोध पर स्थगित हुआ आंदोलन
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि आगरा कॉलेज एक ऐतिहासिक व प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान है। इसकी भूमि, संपत्ति, ऐतिहासिक विरासत और गरिमा की रक्षा करना कॉलेज प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास परियोजनाओं की आड़ में कॉलेज के अधिकारों और हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेट्रो परियोजना के सभी कार्य पूर्व निर्धारित सहमति और शर्तों के अनुसार ही होने चाहिए।
परियोजना निदेशक की तरफ से सोमवार तक लिखित जवाब, समयबद्ध कार्ययोजना और संयुक्त पैमाइश का ठोस आश्वासन मिलने के बाद प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने शिक्षक संगठनों व स्टाफ क्लब से फिलहाल धरना-प्रदर्शन स्थगित करने की अपील की। इस पर अध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र संगठनों ने अपनी सहमति जताई। यह तय हुआ कि सोमवार को मेट्रो प्रशासन के लिखित जवाब, संयुक्त पैमाइश और प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी, जिसके आधार पर ही आंदोलन की भावी रणनीति तय होगी।
कॉलेज प्रशासन ने दोहराया कि भूमि, संपत्ति, खेल मैदान और शैक्षणिक साख की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित सीमा से अधिक एक इंच जमीन नहीं दी जाएगी और क्षतिग्रस्त संपत्ति का उचित मुआवजा लेने के साथ सभी 10 सूत्रीय मांगों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने उम्मीद जताई कि मेट्रो प्रशासन सोमवार को दिए गए आश्वासनों को लिखित रूप में पूरा कर लंबित विवादों का संतोषजनक निस्तारण करेगा।
- आगरा में रंजिश के चलते घर में घुसकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड व लाठियों से पीटा; 7 पर FIR - November 28, 2026
- आगरा कॉलेज का मेट्रो प्रशासन को कड़ा संदेश: तय सीमा से 1 इंच अतिरिक्त जमीन भी नहीं मिलेगी, नुकसान का भी लेंगे मुआवजा; 10 मांगों पर सोमवार तक मांगा लिखित जवाब - November 28, 2026
- आगरा में संस्कार भारती की 24वीं नमन काव्य गोष्ठी: संत रविदास को नमन के बीच रचनाकारों ने उकेरीं सामाजिक संवेदनाएं, ममता व प्रेम के रंग - November 28, 2026