गोंडा: गोंडा-लखनऊ हाईवे पर नरायनपुर भलियनपुरवा के समीप बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। सड़क किनारे दो बाइकों की टक्कर के बाद घायलों की मदद कर रहे लोगों के समूह को एक बेकाबू एसयूवी ने बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण हादसे में सगे भाइयों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवे पर बाइकों की टक्कर के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा थी और स्थानीय लोग घायलों की सहायता में जुटे थे। तभी तेज रफ्तार में आई एक एसयूवी अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग दूर जाकर गिरे। एसयूवी डिवाइडर को पार करते हुए सड़क के दूसरी ओर जाकर नीचे उतर गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में गुलशन (25), संजय तिवारी, हसन मोहम्मद (40), इम्तियाज (27) और 10 वर्षीय अंशुमान शामिल हैं। हसन और इम्तियाज सगे भाई थे, जो गांव में नाई की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी एक साथ हुई मृत्यु से पूरे नरायनपुर मांझा गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, अलताफ, तबरेज आलम, विनय सिंह और परवेज गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज करनैलगंज सीएचसी में चल रहा है।
प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और विधायक अजय सिंह मौके पर पहुंचे। करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसयूवी की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
- ‘इस बार सर्दियों में लोग भाग्यशाली हैं’… दिल्ली-एनसीआर प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी - November 24, 2026
- आगरा नगर निगम में ‘फर्जी कर्मचारी नेताओं’ पर कार्रवाई की मांग, यूनियन ने सौंपा 5 सूत्रीय मांग पत्र, शोषण के लगाए आरोप - November 23, 2026
- कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं, न दर्शन…अरे तुम खुद ही को बचा लो, पाखंडी कहीं के, धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर बाबा रामदेव का तीखा प्रहार - November 23, 2026