लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी। आगामी 15-16 जून तक आंधी, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मानसून 20 जून के आसपास प्रदेश में प्रवेश करेगा और अगले 10 दिनों के भीतर पूरे उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा।
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया समेत 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
प्री-मानसून की सक्रियता के चलते बुधवार तड़के गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर, गोंडा, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, फर्रुखाबाद, संभल और बिजनौर सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में कमी और गर्मी से राहत महसूस की गई।
उधर, बरेली में देर रात आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। लगभग 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिर गए। एक पेट्रोल पंप की छत उड़ गई, जबकि बिजली व्यवस्था करीब 10 घंटे तक बाधित रही।
आंधी-तूफान का असर अन्य जिलों में भी देखने को मिला। चित्रकूट में तेज हवाओं के चलते करोड़ों रुपये की लागत से बने श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं इटावा में तेज हवा से उड़ा टिनशेड एक महिला पर गिर गया।
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों को मजबूती देगा। अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला बना रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
फर्रुखाबाद में गुरुवार सुबह गरज-चमक के साथ हुई हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। लंबे समय से पड़ रही गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। वहीं अयोध्या में रात की बारिश के बाद तापमान घटकर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 से 48 घंटे तक प्री-मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है।
मुजफ्फरनगर में सुबह से छाए घने बादलों के बीच झमाझम बारिश हुई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
गोरखपुर में भी प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आया। देर रात शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही। ठंडी हवाओं और लगातार बारिश से मौसम बेहद सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
- आगरा में होटल का हाई-वोल्टेज ड्रामा: साले को महिला के साथ देख जीजा भड़का, सड़क पर चले लात-घूंसे - June 11, 2026
- श्री प्रेमनिधि मंदिर में भक्तिमय हुआ दशहरा: श्री श्याम बिहारी जी का हुआ भव्य श्रृंगार, विशेष राजभोग के साथ मनाया गया मनोरथ - June 11, 2026
- श्रीमद्भागवत कथा: ध्रुव चरित्र, जड़ भरत और वामन अवतार की लीलाओं से सराबोर हुआ आगरा, चैतन्य हरिचरत जी महाराज ने सिखाए जीवन के पाठ - June 11, 2026