लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के शुभारंभ से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीब, युवा, महिला और किसान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर चढ़ावे को लेकर उठ रहे सवालों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या के मुद्दे को उठा रहे हैं, उनका इतिहास रामभक्तों पर गोलियां चलवाने का रहा है।
उन्होंने कहा, “जिन्होंने न्यायालय में वकीलों की फौज खड़ी कर राम मंदिर निर्माण में बाधा डाली, वे आज चंदे की बात कर रहे हैं। जिन्होंने मंदिर के लिए एक पैसा नहीं दिया, वे अब देश-दुनिया के सामने अपना दोहरा चरित्र दिखा रहे हैं।”
आउटसोर्स कर्मियों और मानदेय पर बड़ी घोषणा
सीएम योगी ने बड़ी घोषणा की कि सरकार एक-डेढ़ सप्ताह में आउटसोर्स कमीशन को लागू करने के साथ ही न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित करने जा रही है। आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों व ग्राम चौकीदारों को भी उचित मानदेय प्राप्त हो और उनकी सेवाएं प्रदेश के हित को संवर्धित करने के लिए कार्य करें, इसके लिए अनुपूरक बजट का सहारा लिया गया है।
‘विपक्ष ने किसानों को बदहाली दी, हमने खुशहाली’
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जिन लोगों के समय में किसानों के हितों पर कुठाराघात हुआ, जिन्होंने किसानों को खेत के लिए पानी नहीं दिया। उनके हक पर बिचौलियों का वर्चस्व स्थापित कराया और किसानों को असुरक्षित करते हुए उनके जीवन में बदहाली लाने का पाप किया। ऐसे दोहरे चरित्र वाले लोग आज किसान की बात करके उनके जले पर नमक छिड़क रहे हैं। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जिसके तहत यूपी में 24 लाख हेक्टेयर भूमि में अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा दी गई, समेत कई योजनाएं चल रही हैं। किसान अब तीन-चार फसलें लगा रहा है। पैक हाउस के माध्यम से औद्यानिक फसलों का विभिन्न देशों में निर्यात हो रहा है।
समाजवादी पार्टी के समय में 10 वर्ष का गन्ना मूल्य बकाया था। ये लोग किसानों के हितों का संरक्षण करने के बजाय उन्हें आत्महत्या और पलायन के लिए मजबूर करते थे। उस समय किसानों के ट्यूबवेल तक सुरक्षित नहीं थे। सरकार आज 16 लाख ट्यूबवेल को निशुल्क बिजली उपलब्ध करा रही है। कुछ जगहों पर पोर्टल की तकनीकी समस्या आई थी, लेकिन विभाग को किसानों के लिए खाद की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
‘सकारात्मकता की राजनीति करें विपक्ष के साथी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सत्र हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सदन के समय का बेहतर उपयोग हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश के हित और 25 करोड़ आमजन के विकास के लिए विधानमंडल की कार्यवाही को शांतिपूर्ण ढंग से चलाने के लिए विपक्ष के साथी नकारात्मकता की राजनीति को छोड़कर प्रदेश के विकास व समृद्धि में योगदान देंगे। सीएम ने कहा कि विधायिका आमजन की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम होती है।
संसदीय प्रणाली में विधायिका गरीब, किसान, युवा और महिला से जुड़े मुद्दों पर चर्चा, समीक्षा और परिणाम तक पहुंचाने का सबसे अच्छा प्लेटफॉर्म है। हर जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्या को रखकर सरकार से समाधान का रास्ता निकलवा सकता है। इस प्लेटफॉर्म का बेहतर उपयोग हो, यह भाजपा नेतृत्व की एनडीए सरकार की सदैव प्राथमिकता रही है।
वर्तमान में सरकार क्या करने जा रही है, इस पर भी चर्चा होगी
सीएम ने कहा कि 9 वर्ष में संवाद और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों की समीक्षा करने के उपरांत बनी योजनाओं के माध्यम से ही सरकार बेहतर काम कर सकी है। इससे उत्तर प्रदेश के प्रति धारणा बदलने के साथ ही इसे बीमारू राज्य से उबारकर रेवेन्यू सरप्लस व इकॉनमी का ब्रेकथ्रू स्टेट बनाना संभव हो सका।
9 वर्षों में सरकार ने युवाओं के कल्याण, महिलाओं की सुरक्षा-सम्मान और स्वावलंबन, किसानों के जीवन में परिवर्तन और चेहरे पर खुशहाली लाने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं और वर्तमान में सरकार क्या करने जा रही है, इस पर भी चर्चा होगी।
- आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा: भंडारे की सेवा से लौट रहे बीकॉम छात्र की रोडवेज बस की टक्कर से मौत, साथी घायल - August 3, 2026
- आगरा में दर्दनाक हादसा: यमुना नदी में नहाते वक्त डूबा 23 वर्षीय युवक, गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी - August 3, 2026
- केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: पेट्रोल पर 3.5 और डीजल पर 24 रुपए हुआ निर्यात टैक्स, जानें आम आदमी पर क्या होगा असर? - August 3, 2026