कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: कौशांबी के स्कूल की बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत

REGIONAL

कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में चार स्कूली बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य और 24 छात्र व स्टाफ सदस्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र और शैक्षणिक स्टाफ बस से शैक्षिक भ्रमण (टूर) पर आगरा आए हुए थे। आगरा से वापस कौशांबी लौटते समय मंगलवार सुबह करीब 6 बजे कन्नौज जिले में एक्सप्रेसवे के 209 कट के पास बच्चों को लघुशंका कराने के लिए बस को किनारे रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रधानाचार्य और एक छात्र की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

​हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बस में सवार कई बच्चे उसकी चपेट में आ गए और चार छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल हुए 24 छात्रों और स्टाफ सदस्यों को तत्काल तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों ने ओरिएंट पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य और एक छात्र की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया है। बाकी सामान्य रूप से चोटिल घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद अन्य वाहनों के जरिए कौशांबी भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

​डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

घटना की जानकारी मिलते ही कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों के समुचित इलाज के निर्देश दिए और घटना की विस्तृत जानकारी ली।

​पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बस आगरा से लखनऊ की ओर कौशांबी जा रही थी। एक्सप्रेसवे पर 209 कट के पास पीछे से आए ट्रक की टक्कर से यह हादसा हुआ है। दुर्घटना में चार बच्चों की दुखद मौत हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य व एक छात्र को रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh