भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर की बड़ी पहल
मंच के संयोजक सुनील कुमार जैन ने जयपुर में जाकर की बैठक
आगरा में आगरा विकास मंच करेगा संचालन, दिसम्बर तक उम्मीद
डॉ. भानु प्रताप सिंह
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, Bharat, India. उत्तर प्रदेश के आगरा समेत चार शहरों में निःशुल्क दिव्यांग हॉस्पिटल खुलने जा रहे हैं। आगरा में दिसम्बर तक हॉस्पिटल शुरू होने की आशा है। इसके साथ ही आगरा विकास मंच के संस्थापक अध्यक्ष स्व. अशोक जैन सीए का सपना पूरा हो जाएगा।
यह जानकारी आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने दी। वे विश्व मधुमेह दिवस पर मंच द्वारा आयोजित निःशुल्क मधुमेह जांच महाशिविर के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि महामानव अशोक जैन सीए ने जैन दादाबाड़ी, शाहगंज आगरा में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के माध्यम से दिव्यांग शिविर लगवाया था। इसमें दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के उपकरण बांटे गए थे। इसी दौरान उन्होंने आगरा में दिव्यांगों के लिए निःशुल्क हॉस्पिटल खोलने की घोषणा की थी। दैवयोग से 2020 में उनका देहावसान हो गया। 2023 में ही उनकी घोषणा पूरी होगी।

श्री जैन ने बताया कि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के साथ आगरा विकास मंच के संयोजक सुनील कुमार जैन के साथ जयपुर में मीटिंग हुई। इसी बैठक में तय हुआ कि दिसम्बर, 2023 में आगरा में दिव्यांग हॉस्पिटल चालू किया जाएगा। हॉस्पिटल के साथ मोबाइल वैन भी होगी जो आगरा के 100 किलोमीटर के दायरे में जाकर दिव्यांगों को जयपुर फुट या हैंड लगाएगी।
श्री जैन ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अभी तक दिव्यांगों के लिए निःशुल्क जयपुर फुट लगाने की व्यवस्था नहीं की है। केवल एक शोध केन्द्र कानपुर में है। इस बारे में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से भी चर्चा हुई है। महावीर विकलांग समिति के पदाधिकारी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कर्मयोगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। उत्तर प्रदेश के अवध, पूर्वी, पश्चिमी और बुंदेलखंड में दिव्यांग हॉस्पिटल खोले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के 15 हजार लोगों ने जयपुर में जाकर निःशुल्क फुट लगवाए हैं। 75 हजार लोग प्रतीक्षरत में है। इसे देखते हुए तय किया है कि आगरा में विकलांग हॉस्पिटल का संचालन आगरा विकास मंच करेगा। इसके खुलने से आगरा और आसपास के जिलों के निवासियों को जयपुर जाना नहीं पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर आधारित एक गैर लाभकारी संगठन है, जिसकी स्थापना आरडी मेहता ने 1975 में की थी। यह विकलांगों के लिए दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, जो उन्हें कृत्रिम अंग, कैलीपर्स, बैसाखी, एंबुलेटरी एड्स जैसे व्हील चेयर और अन्य सहायता और उपकरण पूरी तरह से मुफ्त प्रदान करता है।
- आगरा में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का खौफ: रिटायर्ड शिक्षक से ₹25 लाख की ठगी, ठगों ने दी आतंकियों से संबंध की धमकी - March 30, 2026
- मुगलों से किला फतह करने वाले वीरों को कब मिलेगा सम्मान? आगरा में प्रतिमा स्थापना के लिए जाट महासभा ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन - March 30, 2026
- लाइट एंड साउंड शो ‘अनंत से अरिहंत’: आगरा के सूरसदन में 125 कलाकार जीवंत करेंगे भगवान महावीर के 27 जन्मों की गाथा - March 30, 2026