आगरा में दरिंदगी की हदें पार: 8 साल की मासूम की गला रेतकर हत्या, किराएदार के कमरे में कनस्तर से मिला शव

Crime

​आगरा: ताजनगरी के थाना ताजगंज क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक जूता कारोबारी की 8 साल की मासूम बेटी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्ची का शव बुधवार रात घर के सामने रहने वाले किराएदार के कमरे में आटे के कनस्तर से बरामद हुआ। वारदात के बाद से आरोपी किराएदार फरार है।

30 घंटे बाद मिला शव, कनस्तर में छिपाई थी लाश

​सिद्धार्थ नगर निवासी जूता कारोबारी की बड़ी बेटी मंगलवार दोपहर 2 बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों और पुलिस की तलाश के बाद बुधवार रात करीब 8 बजे शक के आधार पर किराएदार सुनील के कमरे का ताला तोड़ा गया। कमरे के भीतर रखे एक छोटे कनस्तर में बच्ची की लाश ठंसी हुई थी, जिसे ऊपर से आटे और रजाई से ढक दिया गया था। मासूम की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं।

​शातिर निकला कातिल: तलाश का नाटक कर थाने भी गया

​परिजनों के अनुसार, आरोपी सुनील पेंटिंग का काम करता है। बच्ची के लापता होने के बाद वह परिवार के साथ उसे ढूंढने का नाटक करता रहा और पिता के साथ गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी गया था। जैसे ही पुलिस ने मोहल्ले के घरों की तलाशी शुरू की, आरोपी कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया।

​इलाके में भारी तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

​शव मिलने की सूचना पर इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाकर पथराव और तोड़फोड़ की कोशिश की। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा

गुरुवार सुबह डॉक्टरों के पैनल ने बच्ची का पोस्टमॉर्टम किया। रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची की मौत अत्यधिक खून बहने के कारण हुई है। उसके गले पर दो गहरे घाव और शरीर पर खरोंच के निशान मिले हैं।

​कार्रवाई की तैयारी

​”आरोपी के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित की गई हैं। मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर अपराधी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”

— सैयद अली अब्बास, डीसीपी सिटी

Dr. Bhanu Pratap Singh