गुवाहाटी/डिब्रूगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के दौरे पर कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और डिब्रूगढ़ में ऐतिहासिक हाईवे लैंडिंग के बाद, गुवाहाटी में 30 हजार से अधिक बीजेपी बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कांग्रेस की नीतियों को देश की अखंडता के लिए खतरा बताया।
“जहरीली हो चुकी है कांग्रेस”
पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस की हताशा अब “जहर” में बदल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज उन लोगों और आतंकियों को अपने कंधे पर बिठा रही है जो भारत के ‘टुकड़े-टुकड़े’ करने का सपना देखते हैं और नॉर्थ-ईस्ट को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं।
शांति बनाम अशांति का मुद्दा
असम के अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए पीएम ने कहा कि जिस प्रदेश में पहले हर साल 1,000 से ज्यादा लोग हिंसा में मारे जाते थे, आज वहां शांति और विकास का दौर है। बोडो और उल्फा (ULFA) जैसे संगठनों का हथियार छोड़कर संविधान के रास्ते पर आना बीजेपी की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस असम को फिर से “घुसपैठियों और अराजकता” के हवाले करना चाहती है।
ऑपरेशन सिंदूर और पुलवामा का जिक्र
पुलवामा हमले की बरसी पर शहीदों को नमन करते हुए पीएम ने भारत की सैन्य शक्ति का जिक्र किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस में कभी देशहित के लिए ऐसे कड़े फैसले लेने की हिम्मत नहीं थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जो पार्टी “मां भारती” को राष्ट्र मानने से इनकार करती हो, वह देश का भला कैसे कर सकती है।
असम के लिए ‘डबल इंजन’ की जरूरत
कनेक्टिविटी और शिक्षा पर जोर देते हुए पीएम ने IIM पलासबाड़ी और IIT गुवाहाटी के आधुनिकीकरण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय असम को टैक्स के हिस्से के रूप में केवल 10 हजार करोड़ मिलते थे, लेकिन आज यह बजट कई गुना बढ़ चुका है, जिसे जारी रखने के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार अनिवार्य है।
- घूमने का शानदार मौका! अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को ताजमहल समेत आगरा के सभी स्मारकों में एंट्री फ्री - March 6, 2026
- आगरा की तनीषा ने पहले प्रयास में मारी बाजी: बिना कोचिंग बनीं UPSC टॉपर, इंजीनियरिंग छोड़ चुनी देश सेवा - March 6, 2026
- आगरा में दबंगों का तांडव: मामूली विवाद पर दंपति को सड़क पर घेरा, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला - March 6, 2026