आगरा के विकास पर CM योगी का बड़ा विजन: ‘यमुना में पहले पानी, फिर रिवरफ्रंट’, कृष्ण थीम पार्क का मांगा प्रस्ताव

REGIONAL

आगरा: ताजनगरी के औद्योगिक कायाकल्प, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए रविवार को एक निर्णायक पहल हुई। आगरा डेवलपमेंट फाउंडेशन (ADF) के अध्यक्ष पूरन डावर और सचिव के.सी. जैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात कर शहर के चार ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आगरा की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए मंडलायुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त करने और जल्द ही स्वयं आगरा आकर समीक्षा करने का आश्वासन दिया।

TTZ में उद्योगों पर प्रतिबंध: सुलझेगी रोजगार की राह

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा ताज ट्रेपेज़ियम ज़ोन (TTZ) में नए उद्योगों की स्थापना पर लगी रोक का रहा। पूरन डावर ने मुख्यमंत्री को बताया कि 2021 में सुप्रीम कोर्ट के सकारात्मक आदेश के बावजूद अक्टूबर 2024 से पुनः प्रतिबंध लागू होने से निवेश और रोजगार ठप है।

मुख्यमंत्री ने सीधा सवाल किया कि इसका व्यावहारिक समाधान क्या है? ADF के सुझाव पर उन्होंने प्रभावी कानूनी पैरवी और अधिकारियों की विशेष बैठक बुलाने का निर्देश दिया।

उत्तरी बाईपास: ₹400 करोड़ खर्च, फिर भी शहर में जाम

​सचिव के.सी. जैन ने मुद्दा उठाया कि 14 किमी लंबा उत्तरी बाईपास बनने के बाद भी भारी वाहन शहर के भीतर से गुजर रहे हैं, जिससे प्रदूषण और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 115 के तहत अधिसूचना जारी कर भारी वाहनों को अनिवार्य रूप से बाईपास पर डायवर्ट करने के प्रस्ताव पर परीक्षण के आदेश दिए हैं।

यमुना रिवरफ्रंट: ‘दिखावा नहीं, पहले जल प्रवाह’

यमुना रिवरफ्रंट के मुद्दे पर सीएम योगी ने बेहद व्यावहारिक रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना नियमित जल प्रवाह के रिवरफ्रंट विकास का कोई अर्थ नहीं है। सरकार की प्राथमिकता पहले यमुना में सतत जलधारा सुनिश्चित करना है, उसके बाद ही सौंदर्यीकरण का कार्य स्थायी रूप से सफल हो पाएगा।

कृष्ण थीम पार्क: आगरा की नई वैश्विक पहचान

आगरा को केवल ‘ताजमहल के शहर’ की छवि से बाहर निकालकर एक सांस्कृतिक केंद्र बनाने के लिए ‘कृष्ण थीम पार्क’ की अवधारणा पेश की गई।

​प्रस्तावित आकर्षण: कालिया नाग दहन पर आधारित वॉटर राइड, 90 किमी/घंटा की रफ्तार वाला रोलर कोस्टर, 3000 दर्शकों की क्षमता वाला कंस वध शो और गोवर्धन लीला का इमर्सिव डोम अनुभव।

मुख्यमंत्री ने इस विचार का स्वागत किया और तत्काल इसकी विस्तृत DPR (Detailed Project Report) तैयार कर भेजने को कहा।

महिला समूहों से भी करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि वे जल्द ही आगरा के महिला समूहों के साथ लखनऊ में या अपने आगरा दौरे के दौरान सीधा संवाद करेंगे, ताकि जमीनी स्तर की सामाजिक समस्याओं का समाधान हो सके।

Dr. Bhanu Pratap Singh