आगरा: जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर ताजनगरी का जैन समाज भक्ति और उत्साह के सैलाब में डूबने को तैयार है। आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में 30 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक लोहामंडी स्थित एम.डी. जैन इंटर कॉलेज के मैदान पर भव्य आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का आयोजन आचार्य आजर्व सागर जी महाराज के शिष्य निर्यापक मुनि श्री विलोकसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विबोधसागर जी महाराज के पावन सानिध्य में सम्पन्न होगा।
हरीपर्वत स्थित नारायण भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन और पदाधिकारियों ने महोत्सव की रूपरेखा साझा की।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का पूरा ब्यौरा:
प्रथम दिन (30 मार्च): सेवा और कला का संगम
महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे देव दर्शन और ध्वजारोहण के साथ होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक सरोकार के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। दोपहर में महिलाओं और बच्चों के लिए मेंहदी, रंगोली और चित्रकला जैसी 9 विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। रात्रि में दिल्ली के कलाकारों द्वारा “रानी चेलना और राजा श्रेणिक” नाटिका का मंचन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
द्वितीय दिन (31 मार्च): भक्ति की विशाल रथयात्रा
मंगलवार को प्रातः 7:30 बजे मोती कटरा स्थित महावीर स्वामी मंदिर से विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों (हींग की मंडी, किनारी बाजार, बेलनगंज आदि) से होती हुई दोपहर 3:00 बजे महोत्सव स्थल ‘कुंडलपुर नगर’ पहुंचेगी। रात्रि में भगवान महावीर के पालने और बधाई की विशेष प्रस्तुति महिला मंडलों द्वारा दी जाएगी।
तृतीय दिन (1 अप्रैल): महाअर्चना और भजन संध्या
समापन दिवस पर जिनेन्द्र महाअर्चना विधान और मुनि श्री के मंगल प्रवचन होंगे। रात्रि 8:00 बजे जयपुर के सुप्रसिद्ध संगीतकार अजीत जैन एंड पार्टी द्वारा भजन संध्या के साथ महोत्सव का समापन होगा।
विशेष आकर्षण:
नंद्यावर्त महल थीम: मुख्य पांडाल को भगवान महावीर के गृहस्थ जीवन के महल की थीम पर कलकत्ता के कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है।
भव्य झांकियां: कार्यक्रम स्थल पर पावापुरी का जल मंदिर, कैलाश पर्वत, मानतुंग आचार्य और बड़ौत की विशेष झांकियां सजाई जाएंगी।
विद्युत सज्जा: पूरे परिसर को आधुनिक और आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमग किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार, कोषाध्यक्ष राकेश जैन, संयोजक विमल जैन, सहसंयोजक दीपक जैन, मीडिया प्रभारी आशीष जैन मोनू और राहुल जैन सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
- सरकार किसी को भी मंत्री बना सकती थी, लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को नया शिक्षा मंत्री बनाया जो रेप आरोपी के समर्थन खड़े थे: राहुल गांधी - July 28, 2026
- आगरा बाल संप्रेषण गृह से फरार हुआ बाल अपचारी; ऑटो चालक की सतर्कता से चंद मिनटों में पकड़ा गया, 5 कर्मचारी नपे - July 28, 2026
- ’रेड रन मैराथन’ में दिखा छात्रों का जोश; विजेताओं को मिला सम्मान, एड्स के खिलाफ एकजुट हुआ आगरा - July 28, 2026