जनसभा में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ, अयोध्या की तरह होगा मथुरा का विकास

REGIONAL

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। हेमा मालिनी द्वारा नामांकन दाखिल करने के उपरांत मथुरा छावनी स्थित बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा क‍ि मथुरा एक महत्वपूर्ण लोकसभा सीट है। तीसरी बार जब हेमा मालिनी को प्रत्याशी बनाया गया है तो किसी अन्य दल के पास प्रत्याशी ढूंढने से भी नहीं मिल रहे। विपक्षी दल उधार में प्रत्याशी ला रहे हैं लेकिन अब उन्‍हें उधार में भी प्रत्याशी नहीं मिल रहे तो कांग्रेस नेता अपना आपा खो चुके हैं। वह नारी शक्ति के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करके आधी आबादी का अपमान करने पर उतारू हो चुके हैं लेकिन कांग्रेस को और इंडी गठबंधन के लोगों को इस बात की जानकारी होनी चाहिए क‍ि यह राधारानी की भूमि है, यमुना मैया की कृपा इस पर है और यहां पर अगर नारी शक्ति का अपमान होगा तो इस का जवाब पूरे देश की जनता देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विचारों में सहमति और असहमति हो सकती है लेकिन अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब यह नहीं कि किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी की जाए। देश की जनता ने मथुरा की कला और संस्कृति का हमेशा सम्मान किया है।

सांसद हेमा मालिनी के कार्यों की सराहना करते हुए सीएम योगी आद‍ित्यनाथ ने कहा क‍ि उन्होंने अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से भारत की परंपरा और संस्कृति को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में अपना पूरा जीवन लगा दिया। देश की सभी लोकसभा सीटों में से काशी और मथुरा में जीत का अंतर सबसे ज्यादा हो, इसका ध्यान बृजवासियों को रखना है। मथुरा को नगर निगम बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया। मथुरा वृंदावन, गोकुल, नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन के क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित करने का कार्य भाजपा की सरकार ने किया। सांसद हेमा मालिनी के सुझाव पर  ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से मथुरा के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार की।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ देश को गुमराह करने का काम किया। 60 वर्षों तक सरकार में रहते हुए भी कभी मथुरा, काशी और अयोध्या के विकास पर ध्यान ही नहीं दिया। उन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं। पूर्व की सरकारों द्वारा जय श्री राम का नारा लगाने वालों पर लाठियां बरसाई जाती थीं। आज आप अयोध्या जाएंगे तो आपको त्रेता युग की याद आएगी। अयोध्या की तर्ज पर ही मथुरा का विकास होगा। मथुरा में भी विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। मथुरा में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। विश्व के सामने भारत की साख बढ़ाने का काम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुआ है। आने वाले तीन वर्षों में भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जीत के लिए नहीं बल्कि सबसे बड़ी जीत मथुरा लोकसभा में हो, इसके लिए लड़ें।

जनसभा को संबोध‍ित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार खोखले वायदे नहीं करती। जो कहती है उसको पूरा करती है। देश का युवा वर्ग अब विकास के रास्ते पर चल चुका है और वह तीसरी बार देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी को सौंपने को तैयार है। सांसद हेमा मालिनी ने अपने द्वारा कराए गए विकास कार्यों को जनता के बीच रखा और कहा कि तीसरी बार मथुरा से नामांकन दाखिल करने पर वह अपने आप को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा क‍ि बृज का विकास और बृजवासियों की सेवा ही संकल्प है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। नामांकन जनसभा में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, भाजपा जिला प्रभारी अशोक कटारिया, लोकसभा प्रभारी श्याम भदौरिया, लोकसभा संयोजक डॉ देवेंद्र शर्मा, विधायक मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री नगेंद्र सिकरवार, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, पूर्व विधायक कारिंदा सिंह, श्याम अहेरिया, रविकांत गर्ग, चंदन सिंह, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह, चेतन स्वरूप पाराशर, मुकेश खंडेलवाल, विनोद चौधरी, राजेश गुप्ता, सियाराम शर्मा, मुकेश आर्यबंधु, राजवीर सिंह, राजू यादव, श्याम सिंघल, संजय गोविल, जनार्दन शर्मा, चिंताहरण चतुर्वेदी, संजय शर्मा, कुंजबिहारी चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। संचालन महानगर महामंत्री सुनील चतुर्वेदी ने किया।

– एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh