लखनऊ। उत्तर प्रदेश को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ₹200 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित ‘उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण’ के नवीन मुख्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया।
राहत और बचाव कार्यों में योगदान देने वाले हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में अदम्य साहस और उत्कृष्ट योगदान देने वाले एसडीआरएफ (SDRF), पीएसी (PAC) और अग्निशमन सेवा के जांबाज कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
’जन-धन की हानि न्यूनतम करना ही लक्ष्य’
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “लखनऊ में इस नवनिर्मित भवन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की आपदा प्रबंधन क्षमता में एक मील का पत्थर है। अब हमारा प्रदेश किसी भी अनहोनी या आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि आपदा के प्रति सतर्कता, पूर्व तैयारी और नागरिकों में जागरूकता ही बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है, जिसे दैनिक जीवन का हिस्सा होना चाहिए।
मानव-वन्यजीव द्वंद्व को मिली आपदा की मान्यता
मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने ‘मानव-वन्यजीव द्वंद्व’ (Human-Wildlife Conflict) को भी आधिकारिक रूप से ‘आपदा’ की श्रेणी में शामिल किया है। इससे प्रभावित परिवारों को अब सरकारी राहत एवं सहायता राशि प्राप्त करना और भी आसान हो गया है।
जन-जागरूकता पर जोर
मुख्यमंत्री ने आपदा के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रिंट, विजुअल, डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से यदि सावधानी और सतर्कता के संदेशों को लगातार प्रसारित किया जाए, तो इसका प्रभाव और अधिक व्यापक होगा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनका संकल्प उत्तर प्रदेश को ऐसा राज्य बनाना है, जहां का प्रत्येक नागरिक संकट की घड़ी में सजग और सुरक्षित महसूस करे।
- यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की पत्नी के भाई राजीव कुमार त्रिपाठी ने किया समाजवादी पार्टी के समर्थन का ऐलान, बोले— पारिवारिक रिश्ते अपनी जगह, लेकिन… - September 1, 2026
- गेंद जितनी ऊपर जानी थी गई, अब नीचे आ रही है…पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल - September 1, 2026
- कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: मुख्य आरोपी नौशाद अली मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, IG ने एक इंस्पेक्टर और 6 दारोगा को किया सस्पेंड - September 1, 2026