आगरा। जैतपुर थाना क्षेत्र में प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते हुए चर्चित अवनीश यादव हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हत्याकांड में वांछित चल रहे आरोपी इंद्राराज पुत्र राजवीर सिंह को पुलिस की संयुक्त टीम ने शाहपुर गुर्जर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक तीन मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
चुनाव की रंजिश बनी जान की दुश्मन
जैतपुर इलाके में प्रधानी चुनाव को लेकर चली आ रही वर्चस्व की लड़ाई ने अवनीश यादव की जान ले ली। इस हमले में अवनीश की मौत हो गई थी, जबकि उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना ने इलाके में भारी तनाव फैला दिया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया था।
मुठभेड़ के बाद हुई थी पहली बड़ी कार्रवाई
पुलिस की कार्रवाई का सिलसिला इससे पहले मुठभेड़ के साथ शुरू हुआ था। संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपियों कृष्णा यादव और शिव प्रताप उर्फ ‘गेंदा’ को घेर लिया था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी शिव प्रताप ने दरोगा की सरकारी रिवाल्वर छीनने की कोशिश की और पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने के बाद उसे दबोच लिया गया था। उन दोनों आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुए थे।
फरार आरोपियों की तलाश में जारी हैं दबिश
इंद्राराज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड की साजिश में जो भी शामिल है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इंद्राराज को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, वहीं बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस सेल की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने जल्द ही पूरे केस का पटाक्षेप करने का दावा किया है।
- Agra News: जमीन धोखाधड़ी मामले में जमानत पर बाहर सपा नेता के खिलाफ एक और नया मुकदमा, गवाहों को धमकाने और समझौते का दबाव बनाने का आरोप - June 29, 2026
- आगरा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: शाहगंज, सिकंदरा समेत चार थानों के बदले प्रभारी - June 29, 2026
- आगरा में गूंजा ‘जय जगन्नाथ’: देव स्नान पूर्णिमा पर 251 कलशों से हुआ प्रभु का महाअभिषेक, गजानन स्वरूप में दिए दर्शन - June 29, 2026