लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कभी भारत रत्न लेने नहीं दिया; भारत रत्न तो दूर की बात है, उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए तमाम षड्यंत्र रचे गए और चुनाव हराने की कोशिशें की गईं। मुख्यमंत्री लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर संविधान की उद्देशिका के सामूहिक पाठ और डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत सौंदर्यीकरण कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम में बोल रहे थे।
संविधान दिवस के इस आयोजन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित जनसमूह को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और शपथ दिलाई। समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संविधान हम सबके लिए गौरव का विषय है और 145 करोड़ देशवासियों का मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें हमारे अधिकारों की याद दिलाता है, कर्तव्यों का बोध कराता है और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास भी कराता है।
संविधान निर्माताओं की भावना और मताधिकार का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में संविधान सभा का गठन हुआ, तो निर्माताओं के सामने यह विचार था कि संविधान निर्माण की प्रक्रिया को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस कथन को ध्यान में रखा कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतीय स्वयं तय करेंगे, इसलिए संविधान भी उन्हीं भावनाओं से ओतप्रोत होना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि यह गर्व की बात है कि दुनिया में भारत का संविधान ऐसा है जिसने पहले ही दिन से बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक वयस्क भारतीय नागरिक को मतदान का पूरा अधिकार दिया।
विपक्ष पर साधा निशाना, ‘लाल पुस्तिका’ को लेकर चेताया
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज कुछ लोग भ्रम फैलाकर और ‘लाल पुस्तिका’ दिखाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने संविधान की मूल प्रति पढ़ी होती, तो वे भारत की संप्रभुता के रक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस न करते। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब विपक्ष के लोगों को अवसर मिला, तब उन्होंने संविधान का गला घोंटने का काम किया। आजादी के तुरंत बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की स्वतंत्रता को बंधक बनाने के उद्देश्य से किया गया था और समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए। उनके अनुसार, ऐसे लोगों ने संविधान के साथ-साथ संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया तथा भारत पर आक्षेप लगाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से सतर्क रहें और देश को ऐसी कोशिशों से बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
कन्नौज व उरई मेडिकल कॉलेज के नामकरण का भी किया जिक्र
कांग्रेस के साथ-साथ पिछली सरकारों पर महापुरुषों के सम्मान की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। उन्होंने बताया कि असीम अरुण द्वारा पत्र लिखे जाने के बाद प्रदेश सरकार ने उस मेडिकल कॉलेज का नाम पुनः बाबा साहब के नाम पर किया। इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया।
- सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे की खींचतान पर बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी का वार: बोले— ‘कांग्रेस को अपमान का घूंट पीने की आदत पड़ गई है’ - November 26, 2026
- संविधान दिवस पर सीएम योगी बोले- ‘कांग्रेस ने बाबा साहब को भारत रत्न नहीं मिलने दिया, संसद जाने से भी रोका’ - November 26, 2026
- दलित का बेटा बनेगा सीएम, अब्दुल बनेगा डिप्टी सीएम: लखनऊ रैली में गरजे ओवैसी, बोले— ‘मोदी-योगी के दिन खत्म होने वाले हैं’ - November 26, 2026