आगरा: थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बोदला के चौखे नगर में एक मकान के अंदर चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर पुलिस ने तीन सगे भाइयों सहित चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस दबिश से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौखे नगर स्थित शाहरुख के मकान में बड़े स्तर पर हार-जीत की बाजी लगाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर मकान पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को मौके पर ही दबोच लिया।
तीन सगे भाई शामिल, सलमान का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहरुख, सलमान, शकील और वकील उस्मानी के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सलमान का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद भी वह अपनी आदतों से बाज नहीं आया और दोबारा जुए के कारोबार में लिप्त पाया गया।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ₹76,390 की नकद धनराशि, 52 ताश के पत्ते, 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ उनका यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अड्डों को जड़ से खत्म किया जाएगा। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
- संत शिरोमणि दुर्बलनाथ का 165वां जन्मोत्सव: आगरा में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजनों को लेकर उमड़ेगा जनसैलाब - September 20, 2026
- परशुराम विप्र जागृति ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक: नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय और आगरा की रामलीला में श्रीराम की भूमिका निभाने वाले शोभित शर्मा का भव्य सम्मान - September 20, 2026
- ’नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत’: आगरा कॉलेज में सांसद नवीन जैन ने युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ - September 20, 2026