आगरा: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मुस्तैदी ने मासूम बच्चों के बचपन को ‘गुलामी’ की भट्ठी में झोंकने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। आगरा फोर्ट स्टेशन पर ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत की गई छापेमारी में साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस से 6 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया है। इन बच्चों को महज 500 से 700 रुपये का लालच देकर बिहार से गुजरात बाल मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को दबोच लिया है।
ट्रेन के जनरल कोच में बिछाया गया था जाल
यह सफलता 27 मार्च 2026 को आरपीएफ और बचपन बचाओ आंदोलन (BBA) की संयुक्त चेकिंग के दौरान मिली। एएसआई जेपी यादव और उनकी टीम टूंडला-आगरा किला सेक्शन के बीच ट्रेन संख्या 15269 (साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस) के जनरल कोच संख्या SC-202797 की तलाशी ले रही थी। टीम की नजर दो अलग-अलग समूहों में बैठे 6 डरे-सहमे बच्चों पर पड़ी।
500 रुपये का लालच और ‘सौदा’
जब आरपीएफ ने बच्चों से प्यार से पूछताछ की, तो रूह कंपा देने वाला खुलासा हुआ। बच्चों ने बताया कि उन्हें गुजरात में मजदूरी के लिए भेजा जा रहा है। इसके बदले उन्हें प्रति बच्चा 500 से 700 रुपये, ट्रेन टिकट और रास्ते में खाने-पीने का लालच दिया गया था। बच्चों के बयान से साफ हो गया कि यह सीधे तौर पर मानव तस्करी और बाल श्रम का मामला है।
बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार, बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
बच्चों की निशानदेही पर आरपीएफ ने उसी कोच से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जिसने चूमन कुमार (28 वर्ष), निवासी जिला पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी), बिहार और कमलेश्वर यादव (35 वर्ष), निवासी जिला पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी), बिहार था।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बच्चों को पैसों का लालच देकर गुजरात ले जा रहे थे। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना, आगरा में दोनों के खिलाफ नए कानून के तहत मु.अ.सं. 0001/2026, धारा 143(5) BNS के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किए गए बच्चे
बचाए गए सभी 6 बच्चे (उम्र 12 से 17 वर्ष) बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के रहने वाले हैं। उन्हें फिलहाल चाइल्ड लाइन आगरा के केस वर्कर सनी कुमार की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। जल्द ही इन्हें बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर उनके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- आगरा के 76 पार्षदों की ‘दक्षिण यात्रा’: 55 लाख के सरकारी खर्च पर बेंगलुरु-मैसूर का स्टडी टूर, क्या बदलेगी शहर की सूरत? - March 28, 2026
- जेवर में गूँजा ‘हर-हर महादेव’: सीएम योगी बोले— “पीएम मोदी के विजन से जेवर बना ग्लोबल हब, किसानों के त्याग से खिंची विकास की नई लकीर” - March 28, 2026
- Agra News: यमुना तट पर गूंजा ‘विश्व शांति’ का शंखनाद, रिवर कनेक्ट कैंपेन के 13 साल पूरे, विशेष हवन और आरती से जगाई यमुना शुद्धि की अलख - March 28, 2026