लखनऊ। उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सूबे की सियासत बेहद गर्म नजर आ रही है। चर्चा है कि योगी सरकार चुनाव से पहले प्रदेश की गरीब महिलाओं को लुभाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए एक बड़ी योजना ला सकती है, जिसके तहत महिलाओं के खातों में सीधे 20-20 हजार रुपये भेजे जा सकते हैं और शेष 30 हजार रुपये चुनाव के बाद जारी करने की बात कही जा रही है। इस संभावित राजनीतिक सुगबुगाहट को लेकर प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोला है।
कविता के माध्यम से साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कविता के माध्यम से भाजपा की संभावित योजना और राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को जोड़ने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की ओर से कोई पैसे का लालच देने आए तो उस पैसे को न लें, क्योंकि इसे लेने से पाप लगेगा। अखिलेश ने लिखा, “राम जी से घात का पैसा धर्म-दान पात्र का पैसा भाजपा के पाप का पैसा नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए ऐसा पैसा ~ नहीं चाहिए नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए … ऐसा पैसा नहीं फलेगा ज़्यादा दिन नहीं चलेगा जो लेगा ~ उसको पाप लगेगा नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए ऐसा पैसा ~ नहीं चाहिए नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए…”
पूर्व सीएम ने आगे लिखा, “तो समझे… जब भाजपा से कोई आए पैसे का लालच दिखलाए तो बैठाके पूछो क्यों चुराया मंदिर का मान क्यों गिराया कहना नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए ऐसा पैसा ~ नहीं चाहिए नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए तो समझे… जिस पैसे से पड़ेगा पाप उसको नहीं लगाना हाथ वरना लग जाएगा श्राप पाप कर देगा सब नाश इसीलिए राम जी से घात का पैसा धर्म-दान पात्र का पैसा भाजपा के पाप का पैसा नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए ऐसा पैसा ~ नहीं चाहिए नहीं चाहिए ~ नहीं चाहिए…”
एआई वीडियो के जरिए सरकार पर वार
इसके साथ ही उन्होंने एआई से बना एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें ऊपर लिखी गयी पंक्तियों को गाया गया है। इस वीडियो में एक युवक मंदिर का दान पात्र चोरी करके भागता है और फिर उसी दानपात्र से लोगों को पैसा बांट रहा है।
फिलहाल, अखिलेश यादव द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो और तीखे बयानों को भाजपा की आगामी कल्याणकारी या चुनावी योजनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तीखे हमले के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में आने वाले दिनों में और अधिक गर्माहट देखने को मिल सकती है।
- 16 मिनट में 16 रुपये में सामान देने के ऑफर पर मचा भारी बवाल, कानपुर के ‘आलमस मार्ट’ पर उमड़ी भीड़, पुलिस को भांजनी पड़ी लाठी - August 16, 2026
- भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने की श्रद्धांजलि अर्पित, बोले- भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे अटल जी - August 16, 2026
- वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान चली गोली, मुंबई जा रहे यात्री की पिस्टल से हुए फायर में महिला समेत दो कर्मचारी घायल - August 16, 2026