
मुंबई: फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ की सफलता के बाद अभिनेता हर्षवर्धन राणे और निर्माता अंशुल गर्ग एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों की अगली फिल्म का नाम ‘मजनू’ है। इस फिल्म को देसी म्यूजिक फैक्ट्री (DMF) के बैनर तले बनाया जाएगा। फिल्म की शूटिंग 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी।
पिछली फिल्म में साथ काम करने के बाद अब दोनों एक नई कहानी लेकर दर्शकों के सामने आने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल फिल्म से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, फिल्म के नाम ‘मजनू’ ने लोगों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इस नाम से प्यार और भावनाओं से जुड़ी कहानी का अंदाजा लगाया जा रहा है।
इस फिल्म को लेकर हर्षवर्धन राणे ने कहा, “‘एक दीवाने की दीवानियत’ को दर्शकों से मिले प्यार और तारीफ के बाद अंशुल और मैं फिर से साथ काम करना चाहते थे। हम दोनों को फिल्म बनाने की प्रक्रिया पसंद है। हम एक अच्छी कहानी और उसके साथ सही संगीत चुनने के लिए पूरा समय देना चाहते हैं। अब हम ‘मजनू’ नाम से अपनी नई शुरुआत करने जा रहे हैं। जब आपको ऐसे लोग मिलते हैं, जो अच्छी कहानी और भावनाओं को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं, तो आपको भरोसा होता है कि आप ऐसी फिल्म बना रहे हैं, जिसे दर्शक पसंद करेंगे। मैं 1 दिसंबर से ‘मजनू’ की शूटिंग शुरू करने के लिए बहुत उत्साहित हूं।”
वहीं, अंशुल गर्ग ने कहा, “जब किसी के साथ दोबारा काम करने का मौका अपने आप बनता है, तो यह बहुत अच्छी बात होती है। हर्षवर्धन के साथ फिर से काम करने को लेकर मैं भी काफी उत्साहित हूं। ‘एक दीवाने की दीवानियत’ में साथ काम करने के बाद हमें लगा कि हम एक और अच्छी कहानी पर साथ काम कर सकते हैं। हम ‘मजनू’ को लेकर बहुत उत्साहित हैं और दर्शकों के लिए कुछ खास लाना चाहते हैं। DMF में हमारी हमेशा कोशिश रही है कि ऐसी कहानियां बनाई जाएं, जिनसे दर्शक जुड़ाव महसूस कर सकें। यह फिल्म भी इसी कोशिश का हिस्सा है।”
‘मजनू’ के साथ हर्षवर्धन राणे और अंशुल गर्ग एक बार फिर अपनी जोड़ी को आगे बढ़ा रहे हैं। यह फिल्म देसी म्यूजिक फैक्ट्री की आने वाली फिल्मों में एक और नई फिल्म होगी। फिल्म के निर्देशक, कलाकारों और बाकी जानकारियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
- गीता के श्लोकों से संवर रहा नई पीढ़ी का भविष्य: चिन्मय मिशन की राष्ट्रीय गीता पाठ प्रतियोगिता में 19 राज्यों के 160 बच्चे शामिल - November 25, 2026
- मुंबई में टियारा धोडी का भव्य फैशन शो ‘La Vie En Rose’: ज्वेलरी से लेकर ब्यूटी वेंचर तक का हुआ शानदार आगाज - November 25, 2026
- ‘ब्राउन’ फेम अभिनेत्री वैभवी मल्होत्रा जल्द लेंगी सात फेरे: 7 साल के साथी अंश बत्रा के साथ शुरू करेंगी नई पारी - November 25, 2026