मुंबई में टियारा धोडी का भव्य फैशन शो ‘La Vie En Rose’: ज्वेलरी से लेकर ब्यूटी वेंचर तक का हुआ शानदार आगाज

ENTERTAINMENT

मुंबई (अनिल बेदाग)। मायानगरी मुंबई में लग्जरी ज्वेलरी डिजाइनर, मॉडल और लेखिका टियारा धोडी ने अपने नए और भव्य फैशन शो ‘La Vie En Rose’ (ला वी एन रोज) का शानदार आयोजन किया। इस रंगारंग शाम में फैशन, सेलिब्रिटी ग्लैमर और आधुनिक भारतीय डिजाइन का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजन में फिल्म ‘फूल और कांटे’ फेम वरिष्ठ अभिनेत्री मधु और ड्रामा क्वीन राखी सावंत विशेष अतिथि के तौर पर शरीक हुईं, जबकि टियारा की मां व मशहूर ज्वेलरी डिजाइनर क्वीनी सिंह भी इस खास मौके पर मौजूद रहकर बेटी का हौसला बढ़ाती नजर आईं।

​फैशन और ज्वेलरी के साथ ब्यूटी वेंचर की शुरुआत

​यह शाम टियारा धोडी की रचनात्मक सोच और उनके बहुचर्चित लग्जरी ज्वेलरी ब्रांड Treasures by Tiara की भव्य झलक लेकर आई। इसके साथ ही इस खास मंच से टियारा ने अपने नए लिप बाम ब्रांड BIE Beauty को भी आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया, जिसके जरिए उन्होंने फैशन और ज्वेलरी के बाद अब ब्यूटी और कॉस्मेटिक्स के क्षेत्र में भी कदम रख दिया है।

​कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री मधु ने फैशन शो की मुक्तकंठ से सराहना की और टियारा को ढेरों शुभकामनाएं दीं। मधु ने कहा, “मैं टियारा को इस शानदार आयोजन के लिए दिल से बधाई देती हूं। यह बेहद खूबसूरत फैशन शो था और इस यादगार शाम का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद सुखद रहा।”

​राखी सावंत का कटा बर्थडे केक, टियारा ने दिया खास ज्वेलरी गिफ्ट

इस ग्लैमरस शाम का एक मुख्य आकर्षण अभिनेत्री व मॉडल राखी सावंत का जन्मदिन समारोह भी रहा। आयोजन के दौरान मंच पर केक काटकर राखी सावंत का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस खास पल को और यादगार बनाते हुए टियारा धोडी ने राखी को अपने कलेक्शन का एक बेहद खूबसूरत और कीमती ज्वेलरी पीस उपहार स्वरूप भेंट किया।

​”भारतीय लड़की से ज्यादा खूबसूरत कुछ नहीं”: टियारा धोडी

अपने कलेक्शन के पीछे की मूल अवधारणा पर बात करते हुए टियारा ने कहा, “मेरे इस पूरे कलेक्शन की मूल सोच नारीत्व को छिपाने के बजाय उसे स्वीकारना और उसका उत्सव मनाना है। जिन बातों के लिए अक्सर महिलाओं को जज किया जाता है या हीन अहसास कराया जाता है, उन्हें खुलकर व्यक्त करना चाहिए। सही ज्वेलरी हमारे नारीत्व को निखारने का काम करती है।”

अपनी डिजाइनों की खासियत बताते हुए टियारा ने आगे कहा कि उनकी यही कोशिश रहती है कि उनकी बनाई ज्वेलरी पहनने वाली हर महिला खुद को खास समझे। उन्होंने अपनी भारतीय विरासत पर गर्व जताते हुए कहा, “हम भारतीय महिलाएं बेहद भाग्यशाली हैं कि हमारी संस्कृति इतनी समृद्ध है। मेरा अटूट विश्वास है कि एक भारतीय लड़की से अधिक सुंदर इस दुनिया में कुछ नहीं हो सकता, तो फिर हमें अपनी इस पहचान का जश्न मनाने में संकोच कैसा?”

मां क्वीनी सिंह को बताया अपनी सफलता का आधार

​संबोधन के अंत में टियारा अपनी मां क्वीनी सिंह के योगदान को याद करते हुए काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “मेरी मां ही मेरी जड़ें हैं। आज मैं जो कुछ भी सीख पाई हूं और जहां पहुंची हूं, वह उनके दिए मजबूत संस्कारों और नींव का ही नतीजा है।” टियारा धोडी ने एक ही शाम में फैशन, ज्वेलरी और ब्यूटी को एक सूत्र में पिरोकर यह साबित कर दिया कि आधुनिकता के साथ भी अपनी भारतीय पहचान का उत्सव मनाया जा सकता है।

Dr. Bhanu Pratap Singh