लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी के सभी 37 सांसदों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर मंथन किया। बैठक में भविष्य की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने सांसदों से कहा कि 2024 की तरह पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना है और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पूरी मुस्तैदी से जुटकर यह सुनिश्चित करना है कि एक भी समर्थक का वोट न कटने पाए।
बैठक के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा “सैंतीस जिताएंगे सत्ताइस!” उन्होंने आगे कहा कि सभी मिलकर पीडीए सरकार बनाएंगे और पीडीए का परचम पूरे देश में लहराएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जनपद स्तर पर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी मुख्यालय में सांसदों को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा शासन में संविधान खतरे में है और कानून का राज नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस ने हमेशा लोकतंत्र के साथ अन्याय किया है और भाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग की वोटर लिस्ट में भारी अंतर है और भाजपा सरकार बेईमानी के रास्ते पर चल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी बजट की बंदरबांट हो रही है और भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और सभी सांसदों को अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में दिन-रात मेहनत कर जनता के सुख-दुःख में साथ रहकर उनके मुद्दों के लिए लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के अन्यायपूर्ण शासन से छुटकारा पाने और प्रदेश में अराजकता समाप्त करने के लिए सपा सरकार बनाकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को बहाल किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर विभिन्न वर्गों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अहंकार से भरी हुई है और सनातन के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए के अधिकार छीने जा रहे हैं और आरक्षण के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और 2027 के चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा तथा पीडीए के जरिए राजनीतिक और सामाजिक न्याय की स्थापना होगी।
- 200 साल पुराने श्री धनकामेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव का भक्तिमय आगाज: सत्यनारायण कथा और महा रुद्राभिषेक से गूंजा मोती कटरा - August 2, 2026
- 108 रुद्राभिषेक के संकल्प के साथ श्री खाटू श्याम मंदिर में सावन महोत्सव की धूम, बाबा श्याम और महादेव के दिव्य श्रृंगार ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध - August 2, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की मुहिम: लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो ने हेरिटेज गार्डन में रोपे फलदार और छायादार पौधे, माली को भेंट की राशन सामग्री - August 2, 2026