आगरा। शहर में लूट और चोरी की बढ़ती वारदातों के बीच आगरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर चार अपराधियों के गिरोह पर शिकंजा कसा है। एक मामले में फ्लाईओवर पर हुई लूट का खुलासा करते हुए एक आरोपी को पकड़ा गया, जबकि दूसरे ऑपरेशन में बंद मकानों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किए हैं।
फ्लाईओवर लूट कांड में गिरफ्तारी
न्यू आगरा थाना क्षेत्र के भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना 4 फरवरी की है, जिसकी शिकायत 6 फरवरी को दर्ज कराई गई थी। पीड़ित के मुताबिक, वह ट्रांसपोर्ट नगर से ऑटो द्वारा घर लौट रहा था, तभी फ्लाईओवर पर स्कूटी और बाइक सवार बदमाशों ने उससे 8200 रुपये, मोबाइल फोन और बैग छीन लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने पोइया घाट क्षेत्र से चंद्र प्रताप सिंह निवासी बल्केश्वर, कमला नगर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 2400 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपने साथियों राहुल, शनि और एक अन्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूली। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
बंद मकानों को निशाना बनाने वाले चोर दबोचे
दूसरी कार्रवाई सदर बाजार थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बंद घरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमीन खान निवासी मलपुरा और अमित अग्रवाल उर्फ घंटोली निवासी किरावली के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से 2.80 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और चोरी के आभूषण बेचकर जुटाई गई रकम बरामद की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी अंकित उर्फ श्याम के साथ मिलकर शहर के कई इलाकों में चोरी की घटनाएं कबूलीं।
इनमें नैनाना जाट, नगला परसोती, ताजगंज के कौलक्खा और बिचपुरी क्षेत्र शामिल हैं। आरोपियों ने बताया कि चोरी के आभूषण बेचकर करीब 45 हजार रुपये मिले थे।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर शहर के विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उनका साथी अंकित उर्फ श्याम पहले ही एक अन्य लूट मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा।
- आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज को मिले 202 नए ‘नर्सिंग ऑफिसर’: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और विधायकों ने बांटे नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत - March 23, 2026
- आगरा में खनन माफियाओं पर डीएम का ‘हंटर’: अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त - March 23, 2026
- Agra News: शहीद दिवस पर ‘माय भारत’ की अनूठी पहल: श्रमदान और स्वच्छता से दी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि; डॉ. सहगल बोले- स्वच्छता भी है देशभक्ति का रूप - March 23, 2026