आगरा। ताजनगरी की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और पुलिसिंग में जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सख्त कदम उठाए हैं। गंभीर लापरवाही और गोकशी जैसे संवेदनशील मामलों में ढिलाई बरतने वाले दो थाना प्रभारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
अछनेरा में गोकशी से बवाल और कार्रवाई
अछनेरा थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना ने स्थानीय लोगों के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया था। जानकारी के अनुसार, गंगा मंदिर निवासी किसान घनश्याम के प्लॉट से गाय गायब होने के बाद पास के खेत में खून के निशान और नाले में गाय की खाल मिलने से हड़कंप मच गया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने तत्काल प्रभाव से अछनेरा इंस्पेक्टर देवेंद्र द्विवेदी को लाइन हाजिर कर दिया है।
लोहामंडी इंस्पेक्टर पर गिरी निलंबन की गाज
एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में लोहामंडी थाना प्रभारी उत्तम चंद पटेल को गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में सामने आई खामियों और कार्यशैली पर उठे सवालों के बाद यह फैसला लिया गया। उनकी जगह इंद्रजीत सिंह को लोहामंडी थाने की कमान सौंपी गई है।
पुलिस महकमे में हलचल
इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों ने आगरा पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सूत्रों के अनुसार, अभी और भी अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। पुलिस कमिश्नर ने साफ तौर पर संकेत दिए हैं कि गोकशी जैसे संवेदनशील विषयों और कानून-व्यवस्था के मामलों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में पूर्वी जोन सहित अन्य इलाकों में भी प्रशासनिक फेरबदल और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस की इस सख्ती का उद्देश्य प्रशासनिक जवाबदेही को बढ़ाना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
- शादी का झांसा देकर 8 साल तक शारीरिक शोषण? सिपाही पर गाजियाबाद की युवती ने लगाए गंभीर आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार - November 24, 2026
- पंजाब में फिर एक हुए बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल: अमित शाह ने किया गठबंधन का आधिकारिक ऐलान - November 24, 2026
- आगरा में मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का काम तेज: रावली क्रॉसिंग पर रेलवे लाइन के ऊपर लॉन्च होगा 60 मीटर का विशाल स्टील स्पैन - November 24, 2026