एडीएम ने सुरक्षा अधिकारी से मांगी रिपोर्ट
मामले को दबाने के लिए शुरू हुई सिफारिशें
आगरा। रानी अहिल्याबाई की त्रिशताब्दी जन्म समारोह में शामिल होने रविवार को यहां आए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वागत के लिए वायुसेना के हवाई अड्डे के तकनीकी क्षेत्र में बिना अनुमति पहुंचे तीन लोगों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। इस बीच इन लोगों ने मामले को दबाने के लिए सिफारिशें लगवानी भी शुरू कर दी हैं। इस मामले में उपराष्ट्रपति सचिवालय ने जिलाधिकारी से रिपोर्ट तलब की है। इसी के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल ने एयरफोर्स के सुरक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।
इस बीच बिना अनुमति पहुंचे तीनों लोगों ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मामले को दबाने के लिए गुहार लगाई। सूत्रों का दावा है कि पहले भाजपा के एक नवनियुक्त पदाधिकारी का सहारा लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि से प्रशासनिक अधिकारी को सिफारिश कराई गई। दावा तो यह भी किया जा रहा है कि इन जनप्रतिनिधि का सहायक भी एयरपोर्ट पर मौजूद था और उसका भी अनुमति प्राप्त लोगों की सूची में नाम नहीं था। अब सिफारिश में अधिकारियों से कहा जा रहा है कि बिना अनुमति के पहुंचे तीनों लोग पार्टी से जुड़े हुए हैं और अति उत्साह में, अनजाने में उनसे यह गलती हुई।
तीन लोगों में शामिल भाजपा के मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल ने कहा कि वे पूर्व में भी वीवीआईपी के आगमन पर एयरपोर्ट के सिविल टर्मिनल तक जाते रहे हैं, लेकिन वायुसेना के टेक्निकल एरिया में बिना अनुमति के नहीं जाना है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। न ही किसी सुरक्षाकर्मी ने इस बारे में उन्हें बताया। रोहित ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं, अनजाने में भूल हुई है, भविष्य में ऐसा न हो, इसका ध्यान रखेंगे।
अन्य दो लोगों में एक जूता व्यापारी और एक पर्यटन कारोबारी है। इन तीनों द्वारा उपराष्ट्रपति की अगवानी में शामिल होने का फोटो वायरल होने के बाद उपराष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जिलाधिकारी से इस बारे में जानकारी मांगी गई। इसके बाद एडीएम प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी ने वायु सेना स्टेशन के सुरक्षा अधिकारी से मामले की रिपोर्ट मांगी है। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उनकी पत्नी डा. सुदेश धनखड़ और महाराष्ट्र विधान परिषद अध्यक्ष राम शिंदे के आगमन से पहले ही स्वागत और विदाई के लिए स्थानीय के जनप्रतिनिधियों के नाम उपराष्ट्रपति सचिवालय द्वारा निर्धारित किए गए थे। ग्यारह लोगों की सूची सचिवालय से यहां भेजी गई थी।
एडीएम प्रोटोकॉल ने एयरफोर्स के सुरक्षा अधिकारी को लिखे पत्र में कहा गया है कि यह अवगत कराया गया था कि जिनके नाम सूची में नहीं हैं, उन्हें एयरफोर्स स्टेशन में प्रवेश नहीं दिया जाए। इसके बाद भी संजय अरोड़ा, रोहित कत्याल और सोनू कक्कड़ एयरफोर्स के टेक्निकल एरिया की परिधि में प्रवेश कर गए। सीसीटीवी कैमरों से जांच करके इस मामले में जानकारी दे दें, जिससे उपराष्ट्रपति सचिवालय को अवगत कराया जा सके।
एडीएम प्रोटोकॉल का कहना है कि इस मामले में जिनकी भी लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही बिना अनुमति के उपराष्ट्रपति के स्वागत में पहुंचने वाले लोगों पर भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा में श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव का ऐतिहासिक विस्तार: शमशाबाद तक जाएगी भव्य रामबारात, शिव वाटिका में सजेगा जनक दरबार - September 30, 2026
- राहुल गांधी की तुलना अजमल कसाब से करना पड़ा भारी: रिटायर्ड IAF अधिकारी अनूप वर्मा के खिलाफ कांग्रेस सेवा दल ने दर्ज कराई साइबर शिकायत - September 30, 2026
- सपा के टिकट पर राज्यसभा जाएंगे धनराज नथवानी? जानिए कौन हैं अखिलेश के नए उम्मीदवार - September 30, 2026