आगरा। आगरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब तीन करोड़ रुपये की कीमत का 494.35 किलो गांजा जब्त किया है। यह सफलता थाना सिकंदरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के संयुक्त अभियान में मिली है।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने जानकारी दी कि शहरभर में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि एक कैंटर वाहन में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। हाईवे पर हीरालाल की प्याऊ के पास पुलिस टीम ने कैंटर को रोककर तलाशी ली, जिसमें छिपाकर रखे गए गांजे की खेप मिली।
वाहन के साथ मौजूद तीनों तस्करों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान मोहम्मद अफसार (लोनी, गाजियाबाद), धर्मपाल उर्फ धर्मा (पिनाहट) और प्रसन्नजीत (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपी अफसार ने बताया कि वह उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से दिलीप नामक व्यक्ति से गांजा खरीदता था, जिसकी कीमत 3000 रुपये प्रति किलो थी। इसके बाद वह इसे दिल्ली-एनसीआर के अंजुम और जाकिर को 10,000 रुपये से 15,000 रुपये प्रति किलो तक बेचता था। धर्मपाल गांजे की खेप ढोने के लिए वाहन और लेबर की व्यवस्था करता था।
पुलिस ने 494.35 किलो गांजा के अलावा एक कैंटर वाहन, सात मोबाइल फोन, चार आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड और एक कार बरामद किए हैं।
डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस तस्करी गिरोह के अन्य छह फरार सदस्यों की तलाश कर रही है, जिनमें पिनाहट निवासी राहुल और रनजय शामिल हैं। इस कार्रवाई को एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले के नेतृत्व में इंस्पेक्टर नीरज शर्मा, एसओजी और सर्विलांस टीम ने अंजाम दिया।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026