मानसून की सुस्त चाल ने बिगाड़ा यूपी के मौसम का मिजाज, जल्द ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में होगी बारिश, 9 जिलों में लू का ‘येलो अलर्ट’

REGIONAL

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि राज्य में मानसून की दस्तक के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो गई हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 जून से उत्तर प्रदेश के पूर्वी अंचलों में मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जबकि 28 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

मानसून की सुस्त चाल और मौसम का मिजाज

फिलहाल यूपी में मानसून की सुस्त चाल के चलते मौसम का मिला-जुला और चुनौतीपूर्ण स्वरूप देखने को मिल रहा है। राज्य के एक बड़े हिस्से, विशेषकर बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में अभी भी लू (Heatwave) का प्रकोप जारी है। इसके विपरीत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदबांदी भी दर्ज की गई है।

​9 जिलों में येलो अलर्ट

गर्मी की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ और बाराबंकी समेत 9 जिलों में लू का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। बुधवार को भी बांदा 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि प्रयागराज, वाराणसी, लखीमपुर और झांसी में पारा 42 से 43 डिग्री के बीच बना रहा।

वैज्ञानिकों का क्या है पूर्वानुमान?

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के यूपी में प्रवेश के लिए अगले दो-तीन दिन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। हालांकि 25 से 27 जून के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में अभी भी तपिश और लू का असर बना रहेगा, लेकिन इस दौरान पूर्वी और तराई इलाकों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश की गतिविधियां मानसून के आगमन का मार्ग प्रशस्त करेंगी।

​मौसम विभाग की मानें तो मानसून की सक्रियता के साथ ही आगामी दिनों में तापमान में गिरावट आएगी और राज्य को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Dr. Bhanu Pratap Singh