Agra News: राजामंडी में सजेगा माँ चामुण्डा देवी का दरबार: 30 मार्च से वार्षिक मेले का आगाज़, 3 हजार महिलाएं निकालेंगी भव्य कलश यात्रा

PRESS RELEASE

आगरा: ताजनगरी के राजामंडी स्टेशन के समीप स्थित ऐतिहासिक प्राचीन माँ चामुण्डा देवी मंदिर में वार्षिक मेले की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। भक्ति और उल्लास के इस महापर्व की शुरुआत 30 मार्च से होगी। मंदिर परिसर में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को इस चार दिवसीय महोत्सव में शामिल होने का न्योता दिया। इस दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

महोत्सव का पूरा कार्यक्रम: एक नज़र में

मंदिर के महंत वीरेंद्र ब्रह्मचारी जी महाराज ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की 30 मार्च को विधि-विधान से पूजन और कलश स्थापना के साथ मेले की शुरुआत होगी। शाम 4 बजे मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 3 हजार से अधिक महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी।

01 अप्रैल को माता रानी का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा और छप्पन भोग का अर्पण होगा। ​02 अप्रैल को मंदिर में भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा और रात्रि में विशाल देवी जागरण होगा। इसका शुभारंभ आरएसएस के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी करेंगे। 03 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

​कलश यात्रा का मार्ग

श्रीमती मधु बघेल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाने वाली यह यात्रा मंदिर से शुरू होकर ​न्यू राजामंडी, तोता का ताल, लोहामंडी चौराहा, बलदेवगंज, लोहामंडी बाजार, राजामंडी रेलवे फाटक, सेंट जॉन्स चौराहा, किदवई पार्क होते हुए पुनः मंदिर पहुंचकर विश्राम लेगी।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर राहुल राज (चरण सेवक), डॉ. सुरेंद्र सिंह भगोर (मेला अध्यक्ष), राकेश वर्मा (संयोजक), कमल अग्रवाल (सह-अध्यक्ष), राहुल जैन, रवि सिसोदिया, भानु शर्मा, मनोज वर्मा, नीरज जैन, चिराग शर्मा, संतोष शर्मा, रोहित जैन सहित बड़ी संख्या में सेवादार और भक्त मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh