किरावली (आगरा): फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत किरावली तहसील के सामने स्थित ‘सेवा तीर्थ नागरिक देवो भवः’ सांसद कार्यालय पर रविवार को जनसमस्याओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सांसद राजकुमार चाहर ने जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक शिथिलता पर कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए।
मौके पर समाधान, लापरवाही पर कड़ा संदेश
सांसद कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से सैकड़ों लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। राजस्व, बिजली कटौती, पेयजल संकट और जर्जर सड़कों से जुड़ी समस्याओं का अंबार देख सांसद ने एक-एक फरियादी से सीधा संवाद किया।
मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए राजकुमार चाहर ने कहा, “जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर कटवाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें, अन्यथा जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
”संवेदनशील प्रशासन” ही सर्वोच्च प्राथमिकता
सांसद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान तत्काल कार्रवाई होते देख फरियादियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस मंच को “सच्चा जनसेवा केंद्र” बताया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिनमें अशोक राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख गुड्डू चाहर, सोनू चौधरी, विश्वजीत सिंह, मोहन सिंह चाहर, परमवीर चाहर, सतेंद्र यादव, घंसु सरपंच, डोरीलाल सहित अन्य शामिल थे।
- आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, मेले से लापता हुई लड़की का शव पेड़ से लटका मिलने से मचा हड़कंप - September 14, 2026
- आगरा बेसिक शिक्षा विभाग में ट्रांसफर सूची को लेकर मचा हड़कंप, खंड शिक्षाधिकारी के पद पर दर्ज हो गया सहायक अध्यापक का नाम - September 14, 2026
- आगरा के बापू नगर में 60 वर्षों से बसे 200 से अधिक परिवारों पर मंडराया बेघर होने का खतरा, सिंचाई विभाग के नोटिस से मची खलबली - September 14, 2026