अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा प्रहार, बोले— ‘विदाई का समय आ गया, तय करना है स्पेन जाना है या वेनिस’

REGIONAL

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पसंदीदा मशीन बुलडोजर है और उनकी सोच विनाशकारी है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बुलडोजर के सहारे आम जनता में भय और दहशत फैलाने का काम किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के चलते देश में राजनीतिक प्रदूषण भी बढ़ा है। वहीं, सपा में आने के इच्छुक नेताओं व लोगों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के दरवाजे उनके लिए सदैव खुले हैं।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की असलियत समझ चुकी है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में पीडीए (PDA) की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की दिक्कतों और अर्थव्यवस्था जैसे बुनियादी सवालों से लोगों का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। सपा प्रमुख ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को राजनीतिक और धार्मिक विवादों के बजाय रोजगार सृजन, निवेश और आम नागरिकों की आर्थिक समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

मतदाता सूची, फॉर्म-6 और ‘गायब मतदाताओं’ के आंकड़ों पर सवाल

प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) और विशेष पुनरीक्षण को लेकर भाजपा तथा चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर प्रश्न खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर फर्जी मतदाता बनवा रही है। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग के अनुसार 2.5 करोड़ मतदाता गायब हैं, जबकि मुख्यमंत्री का दावा है कि 1.27 करोड़ हिंदू गायब हैं। उन्होंने सवाल दागा कि आखिर इन दोनों आंकड़ों में सच और झूठ का फर्क क्या है और कौन झूठ बोल रहा है?

अखिलेश यादव ने दावा किया कि फॉर्म-6 के आवेदनों में 22 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उनके मुताबिक, फर्जी वोट बनवाने की मंशा से भाजपा आयोग के साथ मिलकर काम कर रही है और इसी कारण 2.5 करोड़ मतदाताओं के गायब होने को लेकर भ्रम व अफवाह फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मतदाता सूची के कार्य में सक्रिय हैं और संगठन इस पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर बनाए हुए है।

​’अब इनके जाने की बारी है’ — अखिलेश का तंज

भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब सत्ता से इनके विदाई का वक्त आ गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार के विदाई का समय आ गया है और अब उन्हें स्वयं यह तय करना है कि उन्हें स्पेन जाना है या वेनिस।

Dr. Bhanu Pratap Singh