आगरा। जनपद न्यायालय के दीवानी परिसर के निकट स्थित तीन मंजिला अपार्टमेंट रघुबीर कुंज में बीती मध्यरात्रि अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक गैस सिलेंडर में विस्फोट भी हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई। आग और घने धुएं के बीच दो से तीन परिवार फंस गए, जिन्हें दमकलकर्मियों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को लगभग ढाई घंटे का समय लगा।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के प्रभारी एफएसओ सोमदत्त सोनकर ने बताया कि अपार्टमेंट के भूतल पर बने एक हॉल में कबाड़ रखा हुआ था, जहां चार गैस सिलेंडर भी मौजूद थे। इनमें से तीन खाली थे, जबकि एक सिलेंडर आधा भरा हुआ था। आग लगने के बाद आधे भरे सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे आग तेजी से फैल गई।
आग की लपटें प्रथम और द्वितीय तल तक पहुंच गईं। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। प्रथम तल पर रहने वाले रोहित गुप्ता और द्वितीय तल पर अमित अग्रवाल का परिवार आग में फंस गया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने दोनों परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। साथ ही यह आशंका भी जताई जा रही है कि अपार्टमेंट के चौकीदार द्वारा रात में जलाए गए अलाव से आग फैल सकती है। मामले की जांच की जा रही है।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग की चपेट में आने से फ्लैटों में रखा घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026