आगरा। डौकी थाना क्षेत्र की कबीस पुलिस चौकी पर पुलिस हिरासत में आटा चक्की कारोबारी केदार सिंह की मौत की वजह हार्ट अटैक से होना आई है। उधर पोस्टमार्टम के बाद केदार सिंह का शव आज जब गांव में पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। इस मामले में दिन में ही थाना प्रभारी को लाइन हाजिर और तीन दरोगाओं के निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है।
डीसीपी पूर्वी अतुल कुमार शर्मा ने बताया कि केदार सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। इसमें व्यक्ति की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। अब इस मामले की जांच एसीपी सदर विनायक भौंसले को सौंप दी गई है। गांव वालों को भरोसा दिलाया गया है कि एसीपी सदर की जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी। उधर लाइन हाजिर थाना प्रभारी और तीन निलंबित दरोगाओं के खिलाफ विभागीय जांच एक अन्य एसीपी को सौंपी गई है।
पोस्टमार्टम के बाद केदार सिंह का शव पैतृक गांव गढ़ी हीसिया पहुंचा तो वहां भारी भीड़ एकत्रित हो गई। एसीपी सदर, एसीपी फतेहाबाद समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी गांव में इस दौरान मौजूद थे। केदार सिंह के शव को देखकर परिवार में तो कोहराम मच गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा देकर मृतक का अंतिम संस्कार कराया।
ज्ञातव्य है कि बीते कल दो बजे कुछ पुलिसकर्मी गढ़ी हीसिया से केदार सिंह को जीप में उठा लाए थे। पुलिस की जीप के पीछे-पीछे आ रहे केदार सिंह के भाइयों का आरोप था कि पुलिसकर्मियों ने जीप के अंदर ही केदार सिंह को पीटना शुरू कर दिया था। बाद में कबीस पुलिस चौकी के अंदर ले जाकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बुरी तरह पीटा। परिजनों का आरोप है कि केदार सिंह की मौत पुलिस की पिटाई से हुई है।
विगत दिवस गांव वालों ने कबीस पुलिस चौकी को घेर लिया था। बाद में चौकी पर पहुंचे डीसीपी पूर्वी अतुल कुमार शर्मा ने मृतक की पत्नी द्वारा दी गई तहरीर को स्वीकार कर हंगामा करते लोगों को शांत किया था। मृतक की पत्नी ने तहरीर में थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं एक अन्य दरोगा पर हत्या का आरोप लगाया है।
- आगरा में रिश्तों के भरोसे पर बड़ा धोखा: मुंहबोला भाई बनकर नोएडा की महिला सिपाही के परिवार से जमीन में निवेश के नाम पर ठगे 8.50 लाख रुपये - October 31, 2026
- अयोध्या दीपोत्सव-2026 की भव्य तैयारियां: 30 लाख दीपों के महा-रिकॉर्ड में सहभागी बनेगा ‘श्री मंदिर’ ऐप, श्रद्धालु घर बैठे जलाएंगे 1 लाख दीप - October 31, 2026
- अखिलेश के ‘इग्नोर करो’ बयान पर स्वामी प्रसाद मौर्य का करारा जवाब: बोले- सपा से नहीं, कांग्रेस से मांगी है सीट - October 31, 2026