आगरा। ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा युवती और उसके परिजनों को लगातार परेशान करने, अपमानित करने और जान से मारने की धमकियां देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी गौरव कुमार पुत्र राजपाल सिंह, निवासी थाना क्वार्सी, जिला अलीगढ़, लंबे समय से मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के जरिए उसे प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी लगातार अश्लील मैसेज, गालियां और धमकी भरे संदेश भेज रहा था। आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए युवती के चेहरे को जोड़कर अश्लील फोटो और वीडियो बनाने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने इन आपत्तिजनक फोटो-वीडियो को इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता और उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने तेजाब डालने, अपहरण कराने और पूरे परिवार को जान से मरवाने जैसी संगीन धमकियां भी दीं, जिससे परिवार दहशत में आ गया।
पीड़िता ने बताया कि 5 दिसंबर की शाम और 6 दिसंबर की रात को आरोपी द्वारा भेजे गए अभद्र और धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट उसने पुलिस को सौंप दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ट्रांसयमुना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026