Agra News: जैतपुर-उदी मोड़ पर बनेगा भव्य ‘विहसंत सागर तीर्थधाम’; भगवान मल्लिनाथ की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित, CM योगी करेंगे शिलान्यास

RELIGION/ CULTURE

आगरा। आगरा-इटावा सीमा पर जैतपुर और उदी मोड़ के बीच प्रस्तावित विहसंत सागर तीर्थधाम का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का भूमि पूजन 15 मार्च को सुबह 9 बजे होगा। समारोह का आयोजन श्री विहसंत सागर चैरिटेबल ट्रस्ट कर रहा है और इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर वैदिक और जैन विधि से शिलान्यास करेंगे।

इस परियोजना की जानकारी बोदला स्थित सेक्टर-7 के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। उपाध्याय श्री विहसंत सागर मुनिराज ने बताया कि तीर्थधाम को साधु-संतों की साधना, अध्ययन और ध्यान के लिए समर्पित आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस मौके पर आयोजन से जुड़ी एक विशेष पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

12 परियोजनाओं का एक साथ शिलान्यास

करीब 4 बीघा जमीन पर विकसित होने वाले इस परिसर में एक साथ 12 निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। यहां भगवान मल्लिनाथ की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की योजना है। साथ ही भू-गर्भ से प्राप्त लगभग 1800 वर्ष पुरानी भगवान आदिनाथ की दुर्लभ प्रतिमा की प्रतिष्ठा भी की जाएगी।

तीर्थ परिसर का एक प्रमुख आकर्षण 41 फीट ऊंचा मानस्तंभ होगा, जिसमें 72 मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त आध्यात्मिक केंद्र

परिसर में जैन मंदिर, संत भवन, गौशाला, आश्रय स्थल, अस्पताल, गुरुकुल, संग्रहालय, यात्री निवास, भोजनालय, आहारशाला, वाटिका, समाधि स्थल और मेडिटेशन टेंपल जैसे कई प्रकल्प विकसित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, भविष्य में यह स्थान साधना और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

देशभर से श्रद्धालुओं के आने की तैयारी

शिलान्यास समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आसपास के राज्यों के कई शहरों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की तैयारी है। सैकड़ों बसों की व्यवस्था की जा रही है और देश-विदेश से भी जैन समाज के लोगों के आने की संभावना जताई गई है।

यह तीर्थधाम जैन तीर्थ शौरीपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित होगा, जिससे इसका धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है। आयोजन को लेकर जैन समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मीडिया प्रभारी शुभम जैन और राहुल जैन ने सहयोगियों और समाजजनों का आभार जताया। प्रेस वार्ता में आगरा जैन समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh