Agra News: सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ ‘लेडी लायल’ में महाअभियान, डॉ. बबीता चौहान ने किया HPV वैक्सीनेशन का शुभारंभ

स्थानीय समाचार

आगरा: महिलाओं एवं किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डा. बबीता चौहान ने जिला महिला अस्पताल (लेडी लायल) में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का विधिवत शुभारंभ फीता काटकर किया। अब यहां पर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों व महिलाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा।

इस अवसर पर डा. बबीता चौहान ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों से बचाव प्रदान करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षका जिला महिला चिकित्सालय, डा० पुष्पलता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, ड़ा० उपेंद्र कुमार, डा० सुरेंद्र मोहन प्रजापति उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ड़ा० पीयूष जैन उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ड़ा० ऋषि गोपाल उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य पार्टनर्स उपस्थित रहे। विशेषज्ञों द्वारा एचपीवी संक्रमण, उसके प्रभाव एवं टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि यह वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी है और निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

अभियान के तहत निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को चरणबद्ध तरीके से वैक्सीनेशन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं नियमित टीकाकरण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया साथ ही, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय से सहयोग की अपील की गई, ताकि यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो सके।

अंत में सभी अधिकारियों एवं उपस्थित जनों ने इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया गया।

Dr. Bhanu Pratap Singh