Agra News: फतेहपुर सीकरी में शौर्य का शंखनाद, वीरांगना अवंती बाई लोधी की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

PRESS RELEASE

फतेहपुर सीकरी (आगरा): प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की महान नायिका वीरांगना अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक नगरी फतेहपुर सीकरी में एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। ‘मटोली राम की बगीची’ से शुरू हुई इस यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के उत्साह से भर दिया। हजारों की संख्या में शामिल लोगों ने वीरांगना के बलिदान को याद करते हुए सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।

​दिग्गज नेताओं ने किया शुभारंभ

शोभायात्रा का शुभारंभ वीरांगना अवंती बाई के स्वरूप की आरती और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के पिछोर से विधायक प्रीतम सिंह लोधी, फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, वरिष्ठ नेता लाल सिंह लोधी और बसपा नेता डॉ. मुकेश राजपूत प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को गति दी।

आकर्षक झांकियां और गूंजते नारे

शोभायात्रा में वीरांगना के जीवन संघर्ष और वीरता को दर्शाती सुंदर झांकियां सजाई गईं। देशभक्ति गीतों और ‘वीर अवंती बाई अमर रहें’ के गगनभेदी नारों के बीच यह यात्रा दाऊवार, चूड़ी बाजार, सराफा बाजार, घंटाघर और बस स्टैंड होते हुए बाईपास तक पहुंची। अंत में ग्राम पंचायत सीकरी चार हिस्सा में यात्रा का भव्य समापन हुआ।

पूरे राष्ट्र की प्रेरणा हैं अवंती बाई

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह लोधी और एडवोकेट अनेक वर्मा ने कहा कि अवंती बाई लोधी 1857 की क्रांति की वह पहली महिला वीरांगना थीं, जिन्होंने अंग्रेजों की दासता स्वीकार करने के बजाय बलिदान देना चुना। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे केवल लोधी समाज की नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष की गौरव हैं।

​सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

आयोजन के दौरान फतेहपुर सीकरी के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम ने मुख्य बाजार में व्यवस्थाएं संभालते हुए शोभायात्रा का भव्य स्वागत और आरती की। जगह-जगह प्रतिभागियों का साफा बांधकर अभिनंदन किया गया, जिससे शहर में विभिन्न वर्गों के बीच आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली।

इनकी रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व महानगर उपाध्यक्ष बबलू लोधी, डॉ. रामेश्वर चौधरी, नरेश चंद्र कोली, आनंद लोधी (युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासभा), अर्जुन सिंह लोधी और ‘लक्ष्य’ संगठन के जिलाध्यक्ष इंजीनियर किशोरी सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन बीनू राजपूत और राजकुमार प्रधान ने किया, जबकि भारत सिंह, सोनू लोधी और पवन लोधी ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Dr. Bhanu Pratap Singh