आगरा: इस होली पर ब्रज में आधुनिक भव्यता के बजाय शुद्ध सनातन परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा 09 मार्च (रंगपंचमी) से गोवर्धन में गिरिराज जी की तलहटी में एक अनूठी श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस कथा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें न तो कोई भव्य टेंट होगा और न ही कोई सुसज्जित पंडाल।
प्राकृतिक वातावरण में होगी भक्ति की वर्षा
राष्ट्रीय संत श्री चिन्मयानंद बापू एक वृक्ष के नीचे बैठकर भक्तों को भागवत अमृत का पान कराएंगे। आयोजन को पूरी तरह सात्विक और पारंपरिक रखा गया है; श्रद्धालु गोबर से लिपे हुए फर्श पर बैठेंगे और स्वयं बापू भी किसी होटल के बजाय घास-फूस की झोपड़ी में प्रवास करेंगे।
देशभर से जुटेंगे श्रद्धालु, पुरुष पहनेंगे धोती-कुर्ता
शुक्रवार को आगरा के वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में मैनेजिंग ट्रस्टी मुरारी लाल गोयल ने बताया कि इस दिव्य आयोजन में 10 से अधिक राज्यों के हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।
ट्रस्टी सुमन गोयल ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक चलेगी। 9 मार्च को भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी और शाम को ‘होली महोत्सव’ होगा। इस कथा के लिए पुरुष भक्तों के लिए ‘धोती-कुर्ता’ ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर मयंक वैद्य, तीरथ कुशवाह, अमित अग्रवाल, राम अग्रवाल, हरिओम गोयल, के.एम. बंसल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, कुमकुम उपाध्याय, उदयभान सिंह भदौरिया, विजय वर्मा, सतेंद्र कुशवाह और विश्वनाथ भारद्वाज प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
- टीबी उन्मूलन में आगरा बना ‘मिसाल’: 101% लक्ष्य हासिल कर रचा इतिहास, 98% उपचार सफलता दर के साथ स्वास्थ्य विभाग की बड़ी उपलब्धि - June 6, 2026
- आगरा: वजीरपुरा के प्राचीन सीताराम मंदिर में गूंजेगा श्रीमद्भागवत का पावन ज्ञान, पितरों की स्मृति को समर्पित होगी सात दिवसीय ईश्वरीय महागाथा - June 6, 2026
- आगरा कॉलेज में ‘हरित संकल्प’: विश्व पर्यावरण दिवस पर एनएसएस और एनसीसी ने चलाया संरक्षण अभियान, 5000 पौधे रोपने का लिया प्रण - June 6, 2026