आगरा। शहर के एक अधिवक्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध स्थानीय स्पेशल जज (एमपी-एमएलए) के न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। अधिवक्ता ने प्रार्थना पत्र में खड़गे पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और धार्मिक मान्यताओं और धार्मिक स्थलों का दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोर्ट ने पुलिस से रिपोर्ट मांगते हुए बहस के लिए 20 दिसंबर की तिथि नियत की है।
दयालबाग निवासी अधिवक्ता गगन शर्मा ने कोर्ट में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में कहा है कि कांग्रेस अध्य़क्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विगत एक दिसंबर 2024 को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली में स्वयं की तुलना भगवान शिव के पवित्र 12 ज्योतिर्लिंगों से की और कहा, मैं स्वयं शिवजी के 12 ज्योतिर्लिंगों से एक पवित्र लिंग हूं, मल्लिकार्जुन हूं।
अधिवक्ता गगन शर्मा का यह भी आरोप है कि खड़गे ने मंच पर धार्मिक मान्यताओं एवं स्थलों का मजाक बनाते हुए स्वयं की तुलना हिंदुओं के आराध्य शिव के ज्योतिर्लिंगों से की। इसे कांग्रेस के अधिकृत यूट्यूब चैनल पर 35209 लोगों ने देखा।
एडवोकेट गगन शर्मा का कहना है कि खड़गे एक वर्ग विशेष को खुश करने एवं अपने राजनीतिक लाभ के लिए पूर्व में भी हिंदू देवी-देवताओं के प्रति दुष्प्रचार और अपमान करते रहे हैं। इससे उनकी और हजारों शिवभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। अधिवक्ता का कहना है कि उन्होंने न्यू आगरा थाने पर भी शिकायती पत्र दिया, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज न होने पर कोर्ट में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है।
Discover more from Up18 News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
- दिल्ली में बारिश के चलते टला ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम: अब शनिवार को होगा आयोजन, राहुल गांधी ने दी जानकारी - October 30, 2026
- आगरा में जाम से मिलेगी मुक्ति: प्रशासन और व्यापारियों के बीच 6 पार्किंग स्थलों पर बनी सहमति, सीडीओ ने दिए निर्देश - October 30, 2026
- कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट की जांच आगरा पहुंची: STF की रडार पर कारोबारी देवेंद्र आहूजा उर्फ चिंटू, बिना बिलिंग खेल का शक - October 30, 2026