आगरा: ताजनगरी का ऐतिहासिक किला एक बार फिर मराठा शौर्य और स्वाभिमान की गाथाओं से गुंजायमान होने वाला है। 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर आगरा किले में लगातार चौथे वर्ष एक भव्य और ऐतिहासिक समारोह आयोजित किया जा रहा है।
महाराष्ट्र की संस्था ‘अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा किला परिसर ‘भगवामय’ नजर आएगा।
औरंगजेब की कैद और स्वाभिमान की जीत:
यह आयोजन इसलिए खास है क्योंकि आगरा किला वही स्थान है जहाँ शिवाजी महाराज ने मुगल सम्राट औरंगजेब की कैद से निकलकर अपनी चतुराई और अदम्य साहस का परिचय दिया था। प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटिल ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वराज और आत्मसम्मान की भावना से जोड़ने का एक प्रयास है।
सांस्कृतिक संगम और लेजर शो:
बुधवार शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की संस्कृतियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित एक भव्य लेजर शो और शौर्य गाथाओं पर आधारित नाटिका होगी।
दिग्गज नेताओं का जमावड़ा:
इस समारोह में वीवीआईपी मेहमानों की लंबी फेहरिस्त शामिल है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल सहित कई दिग्गज हस्तियां इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेंगी।
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026