आगरा में संस्कृति और समरसता का संगम: जयपुर हाउस में गूंजा ‘हिन्दू नववर्ष’ का शंखनाद, तो किरावली की ‘एकता सिटी’ में रंगों से खिला भाईचारा

PRESS RELEASE

​आगरा: ताजनगरी में रविवार को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की अनूठी झलक देखने को मिली। एक ओर जहाँ जयपुर हाउस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने ‘हिन्दू नववर्ष’ के आगमन का उत्सव परंपराओं के साथ मनाया, वहीं दूसरी ओर किरावली की एकता सिटी में ‘होली मिलन समारोह’ के जरिए आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया गया। इन दोनों आयोजनों ने समाज में समरसता की जड़ों को और मजबूत किया।

जयपुर हाउस: संघ ने किया नववर्ष का अभिनंदन, संस्कारों पर दिया जोर

जयपुर हाउस स्थित श्री राम पार्क में आरएसएस की ‘श्रीराम शाखा’ द्वारा हिन्दू नववर्ष एवं होली मिलन समारोह आयोजित किया गया।

मुख्य वक्ता महानगर बौद्धिक प्रमुख श्री गिरिराज ने बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का दिन सृष्टि रचना, भगवान ब्रह्मा के प्राकट्य और संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार के जन्म का साक्षी है। विभाग संचालक चौधरी राजन सिंह ने शाखा को ‘संस्कारों का केंद्र’ बताते हुए अनुशासन पर बल दिया। कार्यक्रम अध्यक्ष अनिल वर्मा ने हिंदू समाज के उत्थान के लिए शाखा से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अशोक कुलश्रेष्ठ, भवेंद्र शर्मा, ओम स्वरूप गर्ग, इंजीनियर सुरेश चंद्र अग्रवाल सहित सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।

​एकता सिटी: राधा-कृष्ण की होली ने घोला भक्ति का रंग

किरावली की एकता सिटी कॉलोनी में आयोजित होली मिलन समारोह में ‘ब्रज की होली’ का जीवंत दृश्य देखने को मिला।चेयरमैन त्रिलोचन ठिठारिया और व्यापारी नेता रवि प्रकाश अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

निदेशक मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘राधा-कृष्ण की पारंपरिक होली’ रही, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे।

बच्चों और बुजुर्गों ने नृत्य, संगीत और हास्य कविताओं का आनंद लिया। के.एम. सिंघल के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में आगरा, किरावली और फतेहपुर सीकरी के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh