आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी आशना चौधरी की बुआ को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब 60 वर्षीय सुधा चाहर थाना सिकंदरा के पास सड़क पार कर रही थीं।
सुधा चाहर पुष्पांजलि विहार में अपने पति रघुवीर सिंह चाहर और बेटों अभिनव व आयुष के साथ रहती थीं। उनकी भतीजी आशना चौधरी वर्तमान में मथुरा में सीओ सिटी के पद पर तैनात हैं। परिवार हाल ही में आशना की नोएडा में हुई शादी से लौटा था।
बेटे की बाइक लेने थाने आई थीं सुधा चाहर
घटना से कुछ घंटे पहले सुधा चाहर अपने बेटे अभिनव की बाइक लेने थाने पहुंची थीं। अभिनव की पत्नी, जो हरियाणा के पलवल में बीमा कंपनी में सहायक प्रबंधक है, ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया था। इसी मामले में पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर गुरुवार को अभिनव को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया। उसकी बाइक थाना सिकंदरा में खड़ी थी, जिसे लेने सुधा चाहर अपने ड्राइवर के साथ पहुंची थीं।
थाने में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्होंने ड्राइवर को बाइक घर ले जाने को कहा और खुद सड़क पार कर वापस कार की ओर बढ़ने लगीं। इसी दौरान मथुरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक के नीचे फंसकर वह करीब 200 मीटर तक घसीटती चली गईं। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
- मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल दोषी करार, 14 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा - September 30, 2026
- आगरा नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई मित्रों को मिले ईएसआई कार्ड: नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बांटे कार्ड, संघ ने की समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील - September 30, 2026
- आगरा में मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ ने किया ताजमहल का दीदार: वास्तुशिल्प की सराहना की, जैन समाज ने किया स्वागत - September 30, 2026