आगरा: भीषण गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना और जरूरतमंद की मदद करना ही सच्ची मानव सेवा है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए रोटरी क्लब आगरा ग्रेस ने सोमवार को मिढाकुर स्थित “गाँव का आश्रम” वृद्धाश्रम में एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। क्लब द्वारा बुजुर्गों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक जम्बो प्लस वॉटर डिस्पेंसर भेंट किया गया।
दैनिक उपयोग की सामग्री का वितरण
वॉटर डिस्पेंसर के साथ-साथ क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी वस्त्र, जूते, स्टील के बर्तन और अन्य दैनिक आवश्यकता की सामग्री भी वितरित की। इस दौरान सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनका कुशलक्षेम जाना।
”संवेदनशीलता ही हमारा उद्देश्य”
क्लब की अध्यक्ष डॉ. परिणीता बंसल ने इस अवसर पर कहा, “हमारा लक्ष्य केवल संसाधन देना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को निभाना है। वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठजन हमारे परिवार का ही हिस्सा हैं और उनकी देखभाल करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।”
संस्थापक सचिव अशु मित्तल ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि जब समाज के सक्षम लोग जरूरतमंदों की ओर हाथ बढ़ाते हैं, तो मानवता की भावना और अधिक सशक्त होती है। यह छोटा सा प्रयास है जो समाज के वंचित वर्गों के जीवन में मुस्कान लाने का कार्य करता है।
क्लब के सदस्यों की उपस्थिति
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में क्लब की सचिव डॉ. शर्मिला पंजवानी, कोषाध्यक्ष मंजूषा चंद्रा, मीनाक्षी मोहन, प्रीति मोहन और अनुराधा मित्तल सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोटरी क्लब आगरा ग्रेस के इस नेक कार्य की आश्रम प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों ने खूब सराहना की।
- आगरा में दवाओं के अवैध कारोबार पर औषधि विभाग का बड़ा एक्शन: मुबारक महल में दोबारा हुई छापेमारी, सीज प्रतिष्ठानों के रिकॉर्ड की गहन जांच - June 8, 2026
- मौत को मात: आगरा में 100 फीट गहरे कुएं में गिरी महिला, पुलिस और दमकल की तत्परता से मिली नई जिंदगी - June 8, 2026
- आगरा: कोर्ट के आदेशों की अवहेलना मून गोयल को पड़ी भारी, आवास विकास परिषद ने दोबारा एनबीडब्ल्यू की मांग की - June 8, 2026