आगरा: आगरा के खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कासगंज में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ 35 वर्षीय लक्ष्मी नामक महिला अचानक 100 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और एंबुलेंस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुँचकर तत्परता दिखाई और महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।
क्या है पूरा मामला?
दोपहर करीब 1 बजे पीआरवी-112 को सूचना मिली कि कासगंज निवासी लक्ष्मी (पत्नी नरेश) कुएं में गिर गई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देश पर फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस को भी मौके पर तलब किया गया।
चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन
कुआं लगभग 100 फीट गहरा और मात्र 4 फीट चौड़ा था, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आपसी समन्वय और साहस का परिचय देते हुए एक संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम महिला तक पहुँची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रही।
मानसिक स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू
पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। सुरक्षित बाहर निकालने के तुरंत बाद उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह भेजा गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इस साहसिक रेस्क्यू के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस एवं दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
- श्री रामलीला महोत्सव 2026: हनुमान जी के पराक्रम से धू-धू कर जली स्वर्ण लंका, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान - October 15, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा से पहले घमासान: समिति गठन को लेकर भाजपा और सपा समर्थित गुट आमने-सामने, डीसीपी कार्यालय पहुंचा विवाद - October 15, 2026
- आगरा में साइबर ठगी के दो बड़े मामले: डिजिटल लॉक तोड़ने के बाद खाते से निकाले रुपये, तो एपीके लिंक से 9.80 लाख की चपत - October 15, 2026