आगरा। ट्रेन में सफर के दौरान जरा सी लापरवाही या चंद मिनटों की झपकी कभी-कभी कितना भारी पड़ सकती है, इसका एक दर्दनाक उदाहरण ताजनगरी में सामने आया है। भोपाल से आगरा लौट रही एक मां-बेटी को श्रीधाम एक्सप्रेस में सफर के दौरान लाखों रुपये की चपत लग गई। चोर उनकी सीट के पास रखा जेवर और नकदी से भरा गुलाबी रंग का बैग लेकर फरार हो गया। सबसे दुखद पहलू यह है कि चोरी हुए सोने-चांदी के अधिकांश आभूषण परिवार की बड़ी बेटी की शादी के लिए बनवाए गए थे।
पति ने ट्रेन में बैठाया था, रास्ते में हो गई वारदात
कैंट जीआरपी (GRP) के सीओ राजेश दीक्षित के मुताबिक, अलबतिया (शाहगंज) निवासी शमा खान अपनी पुत्री छवि के साथ श्रीधाम एक्सप्रेस के ए-1 कोच में सीट संख्या 31 और 33 पर बैठकर भोपाल से आगरा आ रही थीं।
शमा खान अपने पति के साथ कार से 6 नवंबर को भोपाल घूमने गई थीं। वापसी के दौरान अचानक शमा खान की तबीयत कुछ असहज हो गई, जिसके चलते उनके पति ने उन्हें ट्रेन में सुरक्षित बैठाकर आगरा के लिए रवाना कर दिया था। यात्रा के दौरान शमा खान ने अपने हाथों से जेवर उतारकर पर्स में रख लिए थे और उस पर्स को बैग के भीतर सुरक्षित रख दिया था।
डबरा के पास नींद खुली तो उड़ गए होश
यात्रा के दौरान झांसी स्टेशन पार होने के बाद सुबह तड़के करीब पाँच बजे झांसी और डबरा के बीच मां-बेटी की आंख लग गई। इसी दरमियान किसी शातिर और घात लगाए बैठे चोर ने मौका पाकर उनकी सीट के पास रखा गुलाबी रंग का बैग पार कर दिया।
सुबह करीब पाँच बजे जब दोनों की नींद खुली और उन्होंने अपनी सीट के पास बैग नदारद पाया, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पूरे कोच में हड़कंप के बीच बैग की तलाश की और सहयात्रियों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने ट्रेन के टीटीई और रेलवे सुरक्षा बल को घटना की सूचना दी।
शादी के लिए सहेजकर रखे गए थे जेवर और नकदी
पीड़ित शमा खान के अनुसार, चोरी हुए उस गुलाबी बैग में करीब 2 तोले का सोने का कंगन, 4 सोने की अंगूठियां, 2 चांदी की अंगूठियां और एक चांदी का छल्ला, एक कलाई की घड़ी, 80 हजार रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
शमा खान के पति कपड़े का कारोबार करते हैं। परिवार में दो बेटियां हैं और चोरी गए अधिकांश जेवर बड़ी बेटी के विवाह के लिए बड़ी मेहनत से जुटाए गए थे। इस घटना ने परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गहरा भावनात्मक झटका दिया है।
कैंट जीआरपी ने दर्ज की जीरो एफआईआर
घटना के संबंध में आगरा कैंट जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। रेलवे पुलिस संबंधित रेलखंड और स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद एक बार फिर लंबी दूरी की ट्रेनों में रात और तड़के के समय यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मंच पर गरीब सेना अध्यक्ष बाल योगी समाजवादी पार्टी में शामिल: आगरा दक्षिण सीट पर बीजेपी की बढ़ी टेंशन - November 15, 2026
- किसान अब संसद और विधानसभा में भी बुलंद करेंगे अपनी आवाज…ठा. भानु प्रताप सिंह का बड़ा ऐलान, पांच राज्यों के चुनाव में प्रत्याशी उतारेगा किसान क्रांति दल - November 15, 2026
- लखनऊ में दरिंदगी की हदें पार! कुरान पढ़ाने की आड़ में मौलाना ने मासूम से सालभर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार - November 15, 2026