धनौली में अराजक तत्व ने तोड़ी मूर्ति

आगरा में फिजा बिगाड़ने की कोशिश, अराजक तत्व ने तोड़ी देवी–देवताओं की मूर्ति

Crime REGIONAL

लोगों ने किया हंगामा घटना से लोगों में भारी रोष, लाठी डंडा लेकर घरों से बाहर निकले लोग

Agra (Uttar Pradesh, India). जनपद के थाना मलपुरा क्षेत्र के धनौली में सोमवार शाम को एक अराजक तत्व ने फिजा बिगाड़ने की कोशिश की। युवक ने मंदिर में घुसकर देवी–देवताओं की मूर्ति को तोड़ दिया। इसकी जानकारी मिलते ही लोगों ने मौके पर हंगामा कर दिया। घटना से गुस्साए लोग घरों से लाठी डंडे लेकर बाहर आ गए। लोगों का गुस्सा देखकर अराजक तत्व मौके से भाग गया।

ये है मामला
थाना मलपुरा क्षेत्र के धनौली की लक्ष्मणपुरी गली नंबर 1 में शिव परिवार और शेरावाली मैया का मंदिर बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसकी स्थापना 12 साल पहले हुई थी। मंदिर के पुजारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि शाम साढ़े सात बजे एक व्यक्ति मंदिर में आ गया। उसने मंदिर में घुसते ही शिव परिवार तथा शेरावली मैया की मूर्ति को तोड़ना शुरू कर दिया। इस पर पुजारी ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माना। उसने मूर्तियों तोड़कर मंदिर के बाहर फेंक दिया।

लोगों में भारी गुस्सा
इसकी जानकारी मिलते ही आस पास के लोगों में अराजक तत्व के खिलाफ आक्रोश व्याप्त हो गया। वे लाठी डंडे लेकर घरों से बाहर आ गए। लोगों का गुस्सा देखकर अराजक तत्व मौके से भाग निकला। जिसके बाद लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर एस ओ मलपुरा तेजवीर सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को बमुश्किल शांत कराया।

ये बोले पुलिस अधिकारी
सी ओ अछनेरा राजीव सिरोही ने बताया है कि मामला संज्ञान में है। अराजक तत्व ने शराब के नशे में मूर्तियों को तोड़ा है। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत करा दिया है तथा स्थिति सामान्य बनी हुई है। मामले में अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।