लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट के साथ ही जहां विपक्ष में सीट बंटवारे पर मंथन जारी है, वहीं अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर भी सीटों के बंटवारे को लेकर रस्साकशी और खींचतान की स्थिति बनती नजर आ रही है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने दो प्रमुख सहयोगियों—अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी को कुल 32 सीटें दी थीं, जिनमें से 23 पर जीत हासिल हुई थी।
हालांकि, इस बार राजनीतिक परिदृश्य बदला हुआ है। पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में रहे राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी अब एनडीए के कुनबे में शामिल हो चुके हैं।
ऐसे में एनडीए के ये चारों सहयोगी दल मिलकर कुल 403 विधानसभा सीटों में से करीब 123 सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। यह आंकड़ा 2022 में सहयोगियों को मिली सीटों की तुलना में लगभग चार गुना अधिक है। सहयोगी दलों का तर्क है कि बीते चार वर्षों के दौरान उनका जनाधार और संगठन धरातल पर पहले से काफी अधिक मजबूत हुआ है।
सीटों के इस उलझे हुए समीकरण और फॉर्मूले को सुलझाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी विनोद तावड़े तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जल्द ही सहयोगी दलों के प्रमुखों के साथ सिलसिलेवार बातचीत की शुरुआत करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि आगामी दिसंबर माह तक एनडीए में सीट बंटवारे का खाका काफी हद तक साफ हो जाएगा।
रालोद ने मांगी 35 सीटें: कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण की छाता सीट पर भी नजर
वर्ष 2022 का चुनाव सपा के साथ मिलकर 33 सीटों पर लड़ने वाली और 9 सीटें जीतने वाली राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने एनडीए का हिस्सा बनने के बाद ‘पश्चिम से पूरब तक’ 35 सीटों की मांग रखी है। रालोद द्वारा मांगी जा रही सीटों में अवध और पूर्वांचल की वे सीटें भी शामिल हैं, जिन पर वर्तमान में भाजपा के विधायक काबिज हैं। सबसे पेचीदा मामला मथुरा की हाईप्रोफाइल छाता विधानसभा सीट को लेकर बन रहा है। इस सीट से योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण वर्तमान में विधायक हैं। इस तरह की मजबूत सीटों को सहयोगी के लिए छोड़ना भाजपा के लिए स्थानीय स्तर पर बगावत को खुला न्योता देने जैसा हो सकता है, जिसके चलते यह मांग भाजपा नेतृत्व के लिए काफी सिरदर्द बनी हुई है।
सुभासपा का 25 से 30 सीटों पर दावा: पूर्वांचल में हिस्सेदारी पर अड़े राजभर
पिछला चुनाव सपा गठबंधन के तहत 17 सीटों पर लड़कर 6 सीटों पर जीत दर्ज करने वाली ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा अब भाजपा के साथ है। पार्टी इस बार 25 से 30 सीटों की मांग कर रही है। सुभासपा की मुख्य शर्त यह है कि उन्हें वे सभी 17 सीटें दी जाएं, जो पिछली बार सपा ने दी थीं, साथ ही पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी पर्याप्त हिस्सेदारी मिले। राजभर का दावा है कि उनके एनडीए में आने से पूर्वांचल की दर्जनों सीटों पर गठबंधन को सीधा फायदा मिलेगा।
अपना दल (एस) की 30 सीटों की मांग: हारी हुई सीटों पर नजर
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (एस) 2022 में एनडीए की सबसे सफल सहयोगी साबित हुई थी। पार्टी ने तब मिली 17 सीटों में से 12 पर जीत दर्ज कर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का दर्जा हासिल किया था। उसी प्रदर्शन को आधार बनाते हुए अनुप्रिया पटेल अपनी पुरानी 17 सीटों के साथ-साथ कुल 30 सीटों की मांग कर रही हैं। इनमें मुख्य रूप से पूर्वांचल और बुंदेलखंड की वे सीटें शामिल हैं, जहां 2022 के चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था।
22 से 25 सीटें मांग रही निषाद पार्टी: ‘नदी किनारे वाली सीटों पर बेहतर प्रदर्शन का तर्क’
प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद की पार्टी के पास वर्तमान में 5 विधायक हैं। 2027 के चुनाव के लिए वे 22 से 25 सीटों का दावा ठोक रहे हैं। निषाद पार्टी का फॉर्मूला यह है कि भाजपा अपनी मौजूदा सीटों के अलावा उन्हें वे सीटें आवंटित करे, जहां 2022 में भाजपा चुनाव हार गई थी।
संजय निषाद का मानना है कि नदी किनारे वाली और निषाद बहुल सीटों पर उनकी पार्टी भाजपा के सीधे चुनाव लड़ने की तुलना में कहीं बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। गौरतलब है कि 2022 में पार्टी को 16 सीटें मिली थीं, जिनमें से 10 पर उसने अपने चुनाव चिह्न (भोजन भरी थाली) पर लड़कर 6 सीटें जीतीं, जबकि 6 प्रत्याशी भाजपा के सिंबल पर लड़े थे, जिनमें से 5 पर जीत मिली थी।
भाजपा के लिए बदलेगा गणित: 50 से 60 सीटें कम होने और भितरघात की आशंका
वर्ष 2022 में भाजपा 403 में से 376 सीटों पर खुद चुनाव लड़ी थी और सहयोगियों के लिए केवल 27 सीटें छोड़ी थीं, जिसमें अकेले भाजपा ने 255 सीटें जीतकर 202 के बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर लिया था। लेकिन 2027 के समीकरण पूरी तरह बदलते दिख रहे हैं:
सीटों की संख्या में कटौती: यदि चारों सहयोगियों की मांगों पर बीच का रास्ता निकालते हुए उन्हें 75 से 85 सीटें दी जाती हैं, तो भाजपा अपने सिंबल पर केवल 315 से 325 सीटों पर ही चुनाव लड़ पाएगी। यानी 2022 की तुलना में भाजपा को अपनी 50 से 60 सीटें कम करनी पड़ेंगी।
बढ़ेगी सहयोगियों पर निर्भरता: जब भाजपा 376 सीटों पर लड़ती है, तो 65-70% का स्ट्राइक रेट रहने पर भी वह आसानी से 250 पार पहुंच जाती है। लेकिन 320 के आसपास लड़ने पर अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए बेहद ऊंचे स्ट्राइक रेट की जरूरत होगी, जिससे सरकार बनाने के लिए उसकी निर्भरता सहयोगियों पर काफी बढ़ जाएगी।
मंत्रिमंडल व फैसलों में दबाव: यदि भाजपा को अपने दम पर पूर्ण बहुमत नहीं मिलता है, तो राज्य में गठबंधन सरकार का नया दौर शुरू हो सकता है। ऐसे में मंत्रिमंडल, गृह, वित्त व पीडब्ल्यूडी जैसे महत्वपूर्ण विभागों और बड़े नीतिगत फैसलों में सहयोगियों का दखल बढ़ जाएगा।
भितरघात व बगावत का खतरा: रालोद और सुभासपा जिन सीटों पर दावा कर रहे हैं, उनमें से कई पर भाजपा के कद्दावर नेता या पूर्व विधायक लंबे समय से तैयारी में जुटे हैं। सीटें सहयोगियों के खाते में जाने से भाजपा के भीतर बगावत और असंतोष पनप सकता है, जिसका सीधा सियासी फायदा सपा-कांग्रेस गठबंधन उठाने की कोशिश करेगा।
- रसोई पर फिर बढ़ी महंगाई की मार: महीनेभर में सरसों का तेल, दाल, आटा और देसी घी के दाम उछले - November 25, 2026
- यूपी चुनाव 2027 से पहले NDA में सीटों की खींचतान: चार सहयोगियों ने ठोका 123 सीटों पर दावा, भाजपा के लिए बढ़ी चुनौती - November 25, 2026
- शादी का झांसा देकर 8 साल तक शारीरिक शोषण? सिपाही पर गाजियाबाद की युवती ने लगाए गंभीर आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार - November 24, 2026