रामपुर में विवादित पोस्टर से गरमाई यूपी की राजनीति: ‘आजमवाद’ और फिलिस्तीनी झंडे के साथ लिखा— ‘आजम खान पर हुए एक-एक जुल्म का सरकार बनने के बाद होगा हिसाब…’

POLITICS

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान की जमानत के तुरंत बाद हुई ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इस कार्रवाई पर जहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बेहद तल्ख और कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, वहीं दूसरी तरफ रामपुर की सड़कों पर लगे एक विवादित पोस्टर ने नई सियासी बहस को जन्म दे दिया है। इस पोस्टर में फिलिस्तीन के राष्ट्रीय ध्वज के साथ धमकी भरे लहजे में लिखा गया है कि प्रदेश में सरकार बनने पर आजम खान पर हुए एक-एक जुल्म का पूरा हिसाब-किताब किया जाएगा।

आजम खान के समर्थन में लगाए गए इस होर्डिंग/पोस्टर में समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र, मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव की तस्वीरें तो मौजूद हैं, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसमें ‘समाजवाद’ शब्द के स्थान पर ‘आजमवाद’ लिखा गया है। यह पोस्टर इसरार नबी नाम के एक स्थानीय समर्थक द्वारा लगवाया गया है। इसमें आजम खान और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम की तस्वीरों के साथ फिलिस्तीनी झंडा छापा गया है और नारा लिखा गया है— “जेल के ताले टूटेंगे, आजम खान छूटेंगे… आजम खान पर हुए एक-एक जुल्म का सरकार बनने के बाद होगा हिसाब।”

हाईकोर्ट से राहत के तुरंत बाद ED का शिकंजा

उल्लेखनीय है कि गत 29 अक्टूबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने दोहरे पैन कार्ड से जुड़े मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान को जमानत मंजूर कर दी थी। इसके बाद शनिवार शाम दोनों को जेल प्रशासन द्वारा रिहा कर दिया गया। हालांकि, जेल की सलाखों से बाहर आते ही मुस्तैद ईडी की टीम ने आजम खान को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और गाजियाबाद ले गई, जहां रविवार सुबह उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया।

अखिलेश यादव ने एक्स (ट्विटर) पर जताई सख्त नाराजगी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजम खान की इस दोबारा हुई गिरफ्तारी पर गहरा ऐतराज जताते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा ​”आज के हुक्मरानों को याद रहे जब वक़्त बदल जाता है तो तख़्त बदल जाता है। आदरणीय आज़म ख़ान साहब के साथ मुक़दमों की जो साज़िश की जा रही है, उसे पूरा देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है। किसी उम्र दराज़ को इस तरह के बेमानी मुक़दमों में फँसाकर बार-बार जेल में डालना एक बेहद कायराना हरकत है। आज की सत्ता जिस ग़लत रवायत को हवा दे रही है, हवा बदलने पर वो ख़ुद उसकी शिकार होगी। तब भागते नहीं बनेगा। नाइंसाफ़ी जब हद से गुज़र जाती है तो जुल्म करनेवाले के लिए ही कहर बन जाती है। बेहद निंदनीय!”

आजम खान की गिरफ्तारी और रामपुर में लगे विवादित पोस्टर के बाद पूरे प्रदेश में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है और राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh