आगरा में इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में अनूठी चोरी का पर्दाफाश: शटर तोड़कर लगाए अपने ताले, हरिपर्वत पुलिस ने 5 शातिर दबोचे

Crime

आगरा। ताजनगरी के थाना हरिपर्वत पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों के गोदाम को निशाना बनाकर लाखों रुपये के उपकरण पार करने वाले एक शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, हरिपर्वत पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक लोडर वाहन को रोका, जिसमें सवार पांच अभियुक्तों—विकास उर्फ राजा, शकील, अभिषेक, अयूब और पंकज को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी के 9 एसी (इनडोर), 9 एसी (आउटडोर), एक वाशिंग मशीन, मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त लोडर वाहन बरामद हुआ। आरोपी चोरी का माल लोडर में लादकर मथुरा बेचने की फिराक में जा रहे थे।

​ताला बदलकर किश्तों में की गई चोरी

​पीड़ित व्यापारी सचिन गोयल ने पुलिस को बताया कि सोंठ की मंडी में उनका किराए का एक गोदाम है। मुख्य दुकान पर जगह की कमी के चलते वे एसी, फ्रिज और टीवी जैसे महंगे उपकरण इसी गोदाम में सुरक्षित रखते हैं। शातिर चोरों ने चोरी की अनूठी साजिश रची; उन्होंने गोदाम के पिछले शटर का ताला तोड़कर वहां अपने ताले जड़ दिए। इसके बाद वे अपनी सुविधा के अनुसार अलग-अलग दिनों में गोदाम से सामान पार करते रहे। जब व्यापारी ने अपने स्टॉक का मिलान किया, तो गोदाम से 24 एसी गायब मिले, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh