गूगल बाबा के नाम से विख्यात मुनिश्री समत्व सागर जी का आगरा के ट्रांस यमुना में मंगल प्रवेश, दर्शनों को उमड़ा जैन समाज

RELIGION/ CULTURE

आगरा: ताजनगरी के ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री 1008 चंद्रप्रभ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में शुक्रवार को उस समय धर्म, आस्था और भक्ति का अनुपम वातावरण निर्मित हो गया, जब ‘गूगल बाबा’ के नाम से सुविख्यात परम पूज्य मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ के मंगल चरण मंदिर परिसर में पड़े। पूज्य मुनिश्री के आगमन का समाचार मिलते ही संपूर्ण जैन समाज में अभूतपूर्व उत्साह और उल्लास की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके पावन दर्शन एवं अगवानी के लिए मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।

​गुदड़ी मंसूर खां से विहार कर पहुंचे ट्रांस यमुना

​पूज्य मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ ने आगरा के गुदड़ी मंसूर खां से मंगल विहार करते हुए ट्रांस यमुना स्थित श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में प्रवेश किया। इस दौरान मार्ग में स्थान-स्थान पर और मंदिर द्वार पर श्रद्धालुओं ने गगनभेदी जयकारों, नृत्य और असीम श्रद्धा के साथ मुनि संघ की भव्य अगवानी की।

​मुनिश्री के पावन दर्शन पाते ही उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और कई श्रद्धालुओं की आंखें भक्ति भाव से नम हो गईं। पूरा मंदिर क्षेत्र ‘जैन धर्म की जय’ और ‘गुरुदेव के जयकारों’ से देर तक गूंजता रहा।

​धर्मसभा में बरसा मंगल आशीर्वाद, भक्तिरस से सराबोर हुए श्रद्धालु

मंदिर परिसर में मुनिश्री के पावन सान्निध्य में एक भव्य धर्मसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूज्य मुनिश्री ने उपस्थित जनमेदिनी को संबोधित करते हुए मंगल आशीर्वाद प्रदान किया और जीवन में धर्म, संयम तथा समता भाव को अपनाने का उपदेश दिया। मुनिश्री के दर्शन, वंदन और पावन सान्निध्य को पाकर सकल जैन समाज के लोगों ने स्वयं को परम सौभाग्यशाली महसूस किया।

दो जैन परिवारों को मिला पावन आहारचर्या कराने का पुण्य लाभ

​मुनि संघ की पावन आहारचर्या संपन्न कराने का दुर्लभ पुण्य लाभ E-50, ट्रांस यमुना कॉलोनी (फेज-2) निवासी दो परिवारों — श्रीमती शर्मिष्ठा जैन (धर्मपत्नी श्री सतीश चंद्र जैन) एवं श्रीमती प्रीति जैन (धर्मपत्नी श्री विप्लव जैन, प्रचार मंत्री – श्री DJS) को प्राप्त हुआ। दोनों परिवारों ने पूर्ण भक्ति, शुद्धि और श्रद्धा भाव के साथ मुनि संघ की आहारचर्या संपन्न कराई।

​आहारचर्या के उपरांत सकल जैन समाज ने पुण्यार्जक परिवारों के इस धार्मिक कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा और अनुमोदना की तथा उनके परिवार की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

​समाज के गणमान्य नागरिक और महिला मंडल रहा उपस्थित

​इस पावन अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र जैन ‘बंटी’, महामंत्री धर्मेंद्र कुमार जैन, राजीव जैन, विप्लव जैन, प्रशांत जैन, संदीप जैन, मोहित जैन, आशीष जैन, अंकित जैन, शेखर जैन, पंकज जैन, दिनेश बाबू जैन, कुमार मंगलम, दीपक जैन (बोतल वाले) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

​इसके अलावा श्रीमती प्रीति जैन, खुशबू जैन (संदीप), सोनम जैन, शिप्रा जैन, तृप्ति जैन, संगीता जैन, शर्मिष्ठा जैन, डिंपल जैन सहित ट्रांस यमुना महिला इकाई एवं नवकार वधू मंडल की सदस्याएं और भारी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh