आगरा: आगामी 22 नवंबर 2026 (रविवार) से शुरू होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय, आगरा से एक विशाल पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई। इस जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली सीएमओ कार्यालय से प्रारंभ होकर आवास विकास सेक्टर 12 मार्ग से होते हुए पुनः कार्यालय प्रांगण में संपन्न हुई।
सीएमओ की अभिभावकों से अपील: 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को जरूर पिलाएं पोलियो ड्रॉप्स
रैली के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि पोलियो एक अत्यंत गंभीर संक्रामक बीमारी है, जिससे नौनिहालों को सुरक्षित रखने का एकमात्र व सबसे प्रभावी उपाय समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने आगरा जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि 22 नवंबर को आयोजित होने वाले अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के अपने सभी बच्चों को पोलियो की ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलाएं। उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों से आग्रह किया कि कोई भी पात्र बच्चा इस खुराक से वंचित न रहने पाए।
स्वास्थ्य विभाग, डब्ल्यूएचओ और सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी
जागरूकता रैली में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुल पारीख, जेएसआई (JSI) संस्था से नितिन खन्ना, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से डॉ. अमृता अग्रवाल, यूपीटीएसयू (UPTSU) से मोना सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, शहरी स्वास्थ्य इकाइयों के प्रतिनिधियों, एएनएम (ANM), आशा (ASHA) कार्यकर्ताओं और अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के माध्यम से नारों और तख्तियों के जरिए आमजन को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।
बूथों के अलावा घर-घर भ्रमण और ट्रांजिट टीमों से होगा टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 22 नवंबर के अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के निर्धारित दिवस पर प्राथमिक व सामुदायिक बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के साथ-साथ अगले दिनों में छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर भ्रमण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांजिट टीमों के माध्यम से भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।8ओ
- आगरा में सघन पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी: सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना - November 21, 2026
- श्री कृष्ण लीला महोत्सव: आगरा में पहली बार मंचित हुई राजा हरिश्चंद्र की लीला; सत्य, त्याग और धर्म के संदेश से भावविभोर हुए श्रद्धालु - November 21, 2026
- पीएम मोदी की लंबी उम्र और देश की समृद्धि की कामना: सौधर्म इंद्र बने सांसद नवीन जैन ने पत्नी संग की विशेष पूजा; अर्पित किए 64 अर्घ्य - November 21, 2026